सामने वाले की हथेली को ऊपर से दबाकर हाथ मिलाने वाला व्यक्ति : यदि कोई व्यक्ति सामने वाले की हथेली को ऊपर से दबाकर हाथ मिलाता है तो वह निम्न स्वभाव का होगा। वह गुस्सैल एवं घमंडी होगा। सुपीरियरीटी कॉम्प्लेक्स उसमें कूट-कूटकर भरा होता है। सामने वाले को तुच्छ या नहीं के बराबर मानता है। अपने आपको सभी से उच्च समझता है। दूसरों की चिंता नहीं करता। दूसरों पर अपना प्रभाव जमाकर या दबाब डालकर काम करवाता है। तानाशाही प्रवृत्ति का होता है। वह चाहता है कि लोग उसे मानें, जानें एवं सम्मान दें। चाहे वह कैसा भी हो, हर जगह अपने को उच्च मानता है।
नीचे से खुली हथेली से हाथ मिलाने वाला व्यक्ति : वह सहज स्वभाव का होगा। सबसे सरलता से मिलेगा। सामने वाले को स्वीकारेगा एवं सम्मान करेगा। कभी-कभी सामने वाले से अपने को हीन समझेगा। एक अच्छा मेजबान भी होगा। वह डरपोक होगा। बहुत जल्दी विचलित होगा। सामनेवाला उसे आसानी से अपने वश में कर सकता है और अपनी बात से सहमत करवा सकता है। वह हीनभावना से ग्रस्त होगा। बहुत अच्छा सहयोगी भी हो सकता है। मिलनसार होगा, शांतिप्रिय होगा, परंपरा का पालन करेगा। कुल मिलाकर दिल का साफ होगा।
अँगूठे तथा प्रथम अँगुली के मध्य ज्यादा अंतर हो तो : यह व्यक्ति खुले दिल एवं दिमाग वाला होगा। दूसरों को मदद करेगा। वह अत्यंत भावुक एवं संवेदनशील होगा। उसका दिल बहुत जल्दी पसीज जाता है। वह खर्चीला होगा, अदूरदर्शी होगा तथा बिना सोचे-समझे कदम उठाने वाला रहेगा। धार्मिक प्रवृत्ति वाला होगा, अंधविश्वासी होगा तथा मानव प्रेमी होगा। सहज स्वभाव का होगा तथा जल्दी ही किसी के प्रभाव में आने वाला होगा। अति कल्पनाशील या अवास्तविकता में जीने वाला होगा।
अँगूठे तथा प्रथम अँगुली के मध्य कम अंतर हो तो : संकुचित विचारों वाला तथा कंजूस प्रवृत्ति का होगा। दिल का कठोर होगा तथा इच्छा शक्ति दृढ़ होगी। जिद्दी एवं अव्यावहारिक होगा। भावनाओं में बहने वाला नहीं होगा तथा प्रत्येक कदम फूँक-फूँककर रखने वाला होगा। स्वस्थ एवं स्पष्टवादी होगा। अवसरों एवं लोगों को अपने फायदे के लिए उपयोग करने वाला होगा। घमंडी एवं असहयोगी होगा।
अँगूठे एवं प्रथम अँगुली के मध्य न ज्यादा न कम अंतर हो तो : ऐसा व्यक्ति समझदार होगा, संतुलित होगा, यशस्वी होगा, मितव्ययी होगा तथा वास्तविकता में जीने वाला होगा, रचनात्मक होगा। समयानुसार या परिस्थिति अनुसार नरम-गरम होगा। सहयोगी एवं कर्तव्य-निष्ठ होगा। पक्षपात नहीं करेगा तथा जीवन को वास्तविक तरीके से जीने वाला होगा।
हथेली यदि मुलायम हो तो : ऐसे व्यक्ति की सभी आवश्यकताएँ आसानी से पूर्ण हो जाएँगी। वह किसी अमीर घर का व्यक्ति हो सकता है। ऐसा व्यक्ति सुस्त होगा तथा मेहनत पसंद नहीं होगा। फिर भी वह इतना किस्मत वाला होगा कि सभी कुछ सही समय पर सहजता से प्राप्त होगा। दिल का कोमल परंतु अय्याश किस्म का होगा। उसकी कुछ खास चुनिंदा आदतें होंगी। कामचोर होगा। वह चाहे जिस परिस्थिति में से आया हो, खुशकिस्मत ही रहेगा।
सख्त या कठोर हथेली वाला व्यक्ति : ऐसी हथेली वाले व्यक्ति को अपनी किसी भी प्रकार की आवश्यकता की पूर्ति के लिए मेहनत करनी पड़ेगी। वह शारीरिक एवं मानसिक दोनों प्रकार की मेहनत करने वाला होगा। रोजी-रोटी परिश्रम से पाएगा। उसकी जिंदगी संघर्षमय होगी या यूँ कहिए कि उसकी जिंदगी श्रममय होगी। वह जल्दी ही गरम परंतु जल्दी ही ठंडा हो जाने वाला रहेगा।
|