जिस प्रकार दर्पण हमारे वास्तविक चेहरे से अवगत कराता है, उसी प्रकार जन्म पत्रिका रूपी आईना भी भविष्य के बारे में सटीक बातें बताता है। यहाँ पर प्रस्तुत आलेख में सिर्फ उत्तम भवन के बारे में ही कुछ महत्वपूर्ण योगा-योग देकर बताएँगे कि आपके भाग्य में उत्तम भवन के मालिक बनने के योग हैं या नहीं। मकान के बारे में हमें जन्म पत्रिका में लग्न से चतुर्थ भाव में जानकारी मिलती है। चतुर्थ भाव का भावाधिपति किस भाव में किसी ग्रह के साथ दृष्ट होगा, यह जानेंगे।
* यदि चतुर्थ भाव में स्वक्षेत्री चंद्र, शुक्र, मंगल, गुरु, बुध हो या इस भाव में उच्च के ग्रह हों यथा मंगल मकर में हो या गुरु कर्क हो या शुक्र मीन में हो या शनि तुला में हो या बुध कन्या में हो या चंद्रमा वृषभ में हो या चतुर्थ भाव का स्वामी पंचम भाव में हो या नवम भाव में हो तो उसे उत्तम भवन बाग-बगीचे वाला या फार्म हाउस का मालिक बनाता है।
* यदि चतुर्थ भाव में चर राशि यथा मेष, कर्क, तुला, मकर हो या चतुर्थ भाव का स्वामी चर राशियों में हो एवं उस पर शुभ ग्रह की युति या दृष्टि हो तो उस व्यक्ति को शासकीय भवन मिलता है।
* यदि चतुर्थ भाव का स्वामी स्थिर राशि या द्विस्वभाव राशियों में बैठा हो तो ऐसे जातक दो प्रकार के सुख तथा स्थिर व अस्थिर मकानों में रहते हैं।
* यदि केंद्र भाव में शुभ ग्रह हो या त्रिकोण में शुभ ग्रह हो तो जातक के पास स्वयं का भवन अवश्य ही बनेगा।
* चतुर्थ भाव में कोई भी अशुभ ग्रह हो तो उसे आजीवन मकान का सुख नहीं मिलता यथा अशुभ ग्रह राहु, केतु और शनि हैं, लेकिन इनका उच्च राशि में होना मकान का सुख देगा।
* यदि भाग्येश चतुर्थ में व चतुर्थेश भाग्य में (नवम) में हो तो उसे भाग्य बल द्वारा मकान का सुख मिलेगा।
|