शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By भाषा

बिग बी को माही के जवाब का इंतजार

बिग बी को माही के जवाब का इंतजार -
बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्रसिंह धोनी को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के बाद बधाई संदेश भेजा था, जिसका माही ने आज तक जवाब नहीं दिया है।

बिग बी 30 अप्रैल को मुंबई के अंबानी अस्पताल में इलाज करा रही यश जौहर की पत्नी और करण जौहर की माँ हीरू जौहर की खैरियत पूछने गए। वहाँ अभिनेता जॉन अब्राहम भी आए थे।

ब्लॉग में अमिताभ ने लिखा है कि जॉन अब्राहम और धोनी की नजदीकी की जानकारी है इसलिए उन्होंने जॉन से कहा कि उन्होंने धोनी को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के बाद बधाई संदेश भेजा था, जिसका आज तक जवाब नहीं मिला।

जॉन अब्राहम ने अपना मोबाइल फोन उठाते हुए उनसे कहा कि वे बिग बी की तत्काल धोनी से बात करा देते हैं। अमिताभ ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वे टीवी देखें, दक्षिण अफ्रीका में चेन्नई का राजस्थान रॉयल्स से मुकाबला हो रहा है और धोनी फील्ड में होंगे।

बिग बी ने लिखा है कि उन्होंने हरभजनसिंह को पद्मश्री से सम्मानित किए जाने के बाद उन्हें भी बधाई दी थी। इसके बाद दोनों की बातचीत हुई थी, जिसमें बिग बी ने माही को संदेश भेजे जाने के बारे में बताया था।

भज्जी ने धोनी को अमिताभ के संदेश और उसके जवाब के इंतजार की सूचना भी दी थी लेकिन अब तक जवाब नहीं आया। अमिताभ ने लिखा है कि शायद वे बहुत व्यस्त होंगे।