बुधवार, 17 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. TMC wins in West Bangal muncipal corporation eletion
Written By
Last Modified: कोलकाता , शनिवार, 10 अक्टूबर 2015 (21:59 IST)

नगर निकायों में तृणमूल कांग्रेस की भारी जीत

नगर निकायों में तृणमूल कांग्रेस की भारी जीत - TMC wins in West Bangal muncipal corporation eletion
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सत्तासीन तृणमूल कांग्रेस ने मनोबल बढ़ाने वाले घटनाक्रम में विधान नगर और आसनसोल नगर निगमों के चुनाव में आज भारी जीत हासिल की वहीं बाली नगरपालिका को भी वाम मोर्चे से छीन लिया। विपक्ष ने इन चुनावों में भारी हिंसा होने का आरोप लगाया था।
 
बाली पिछले 40 साल से माकपा नीत वाम मोर्चा का गढ़ था लेकिन तृणमूल ने यहां के सभी 16 वाडरें में जीत हासिल की है विधान नगर के 41 वार्डों में से 37 में तृणमूल को कामयाबी मिली है जबकि वाम मोर्चा और कांग्रेस को दो दो स्थानों पर जीत मिली है। भाजपा को कोई जीत नहीं मिली।
 
विधान नगर में माकपा की ओर से मेयर पद के उम्मीदवार और राज्य के पूर्व वित्त मंत्री असीम दासगुप्ता और दिवंगत वाम नेता सुभाष चक्रवर्ती की पत्नी रामाला चक्रवर्ती चुनाव हारने वाले दिग्गजों में शामिल हैं।
 
आसनसोल के 106 वार्डों में से तृणमूल को 74, वाम को 17, भाजपा को आठ, कांग्रेस को चार और निर्दलीय को तीन वार्डों में सफलता मिली।
 
विधान नगर और आसनसोल नगर निगम तथा बाली नगरपालिका के लिए तीन अक्टूबर को चुनाव हुए थे और चुनाव के दौरान हिंसा हुई थी और पत्रकारों पर भी हमला हुआ था।
 
तृणमूल कांग्रेस ने इसे जनता की जीत और पार्टी प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों में लोगों का भरोसा बहाल होना बताया है। वहीं विपक्षी वाम मोर्चा ने दावा किया कि नतीजे तृणमूल कांग्रेस की ‘गुंडागर्दी’ की मजबूती को दिखाते हैं। (भाषा)