गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Spy, Detective scandal
Written By
Last Modified: शनिवार, 29 अक्टूबर 2016 (23:11 IST)

जासूसी कांड में एक और गिरफ्तार

जासूसी कांड में एक और गिरफ्तार - Spy, Detective scandal
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पाकिस्तानी उच्चायोग से जुड़े जासूसी कांड मामले में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद मुनव्वर सलीम के निजी सहायक को गिरफ्तार कर लिया है।
                
सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इस मामले में सपा सांसद के निजी सहायक फरहत खान को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में पहले ही तीन लोगों को गिरफ्तार  कर चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जासूसी के  मामले में इसे पहले पाकिस्तान उच्चायोग के एक अधिकारी को पुलिस ने हिरासत में लिया था लेकिन गिरफ्तारी से मिली राजनयिक छूट को देखते हुए भारत सरकार ने उसे 48 घंटे के भीतर देश छोड़कर चले जाने का आदेश दिया था।
      
उसे दस्तावेजों को लीक करने के मामले में राजस्थान के दो और लोगों को  भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी को पुलिस ने सीमा पर सीमा सुरक्षाबलों की तैनाती और देश की सुरक्षा से जुड़े कुछ अहम दस्तावेज लेते हुए बुधवार को दिल्ली में रंगेहाथों पकड़ा था। उसे गोपनीय दस्तावेज पहुंचाने वाले दो व्यक्तियों मौलाना रमजान और सुभाष जांगीर को भी उसी दिन पकड़ा था। उन्हें 12 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।  
         
जासूसी कांड से जुड़े एक अन्य आरोपी शोएब को पुलिस ने दूसरे दिन जोधपुर से पकड़ा था। शोएब जोधपुर में वीजा और पासपोर्ट एजेंट के तौर पर काम करता था। उसे पूछताछ के लिए दिल्ली लाकर गिरफ्तार कर लिया गया है। शोएब पर आरोप है कि उसने ही रमजान और जांगिड़ को जासूसी नेटवर्क से जोड़ने का काम किया है। 
         
पुलिस का मानना है कि पाकिस्तानी उच्चायोग से जुड़े जासूसी कांड के तार काफी फैले हुए हैं इसमें कई और स्थानीय लोगों के जुड़े होने का संदेह है। पुलिस के अनुसार, ये लोग पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम कर रहे हैं। (वार्ता)  
ये भी पढ़ें
भारत खरीदेगा 200 जेट विमान