शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. self immolation Threat
Written By
Last Modified: मेरठ , रविवार, 28 दिसंबर 2014 (17:06 IST)

महिला ने दी मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह की धमकी

महिला ने दी मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह की धमकी - self immolation Threat
मेरठ। कथित रूप से दहेज उत्पीड़न की शिकार महिला ने इंसाफ के लिए प्रदेश के मु्ख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह करने की धमकी दी है जिससे स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। पीड़ित महिला द्वारा इस संबंध में बाकायदा रविवार को मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा गया है।
 
पीड़ित महिला शीबा (22) का आरोप है कि आरोपियों से साठगांठ के चलते पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है जबकि आरोपियों के खिलाफ महिला थाने में आईपीसी की धाराओं 498-ए, 323, 504, 506, 307 व दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
 
यह मुकदमा 13 सितंबर को पीड़ित महिला के पिता नसीम अहमद ने उसके पति जावेद और सास नंदा बेगम समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ दर्ज कराया था, लेकिन आरोप है कि अभी तक पुलिस घटना में नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
 
पीड़ित महिला के परिजनों का आरोप यह भी है कि आरोपी रसूख वाले हैं और उन्हें सत्तापक्ष के कुछ  स्थानीय नेताओं का भी संरक्षण मिला हुआ है। ऐसे में महिला के पास इंसाफ के लिए मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह के सिवाय और कोई चारा नहीं रह गया है।
 
शीबा के अनुसार उसका निकाह 18 मार्च 2013 को नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी जावेद के साथ हुआ  था। आरोप है कि निकाह के कुछ अर्से बाद से ही पति जावेद समेत अन्य ससुराल वाले दहेज की  मांग को लेकर उसका शारारिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे थे।
 
उसने आरोप लगाया कि 13 सितंबर को जावेद ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उस पर तेज धारदार वाले हथियार से हमला किया। किसी तरह वह हमलावरों के चंगुल से बचकर घायल अवस्था में अपने पिता के घर पहुंची जिसके बाद घटना की तहरीर पुलिस में दी गई।
 
उधर इस मामले में महिला थाना प्रभारी अलका सिंह से रविवार को बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सकेगी। (भाषा)