गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Regional News, Rahul Gandhi, Narendra Modi, farmer,
Written By
Last Modified: रविवार, 11 सितम्बर 2016 (23:54 IST)

मोदी किसानों के घर जाएंगे तो कपड़े गंदे हो जाएंगे : राहुल

मोदी किसानों के घर जाएंगे तो कपड़े गंदे हो जाएंगे : राहुल - Regional News, Rahul Gandhi, Narendra Modi, farmer,
आजमगढ़। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि कपड़े गंदे होने के डर से मोदी किसानों हालचाल पूछने उनके घर नहीं जाते हैं।
गांधी ने कि मोदी को विदेश यात्राओं से फुर्सत नहीं है। उन्हें अमेरिका और चीन जैसे देशों में घूमने में आनंद आता है। किसानों की दुर्दशा से उन्हें क्या लेना-देना है। देश में किसान गरीबी से जूझते-जूझते आत्महत्या कर रहे हैं। सूखा पड़े या अतिवृष्टि, प्रधानमंत्री को कोई चिंता नहीं है। सूट-बूट खराब होने की डर से वे किसानों के घर नहीं जाते हैं। 
 
गांधी ने रविवार को यहां मुबारकपुर से अमिलो तक छोटे-छोटे स्तर पर रोड शो किए और सभाएं कीं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूंजीपतियों का कर्ज माफ कर रही है, किसानों का कर्जा माफ नहीं किया। कांग्रेस की सरकार आने पर अपने सभी वादे पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी तो किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। 
 
देवरिया से दिल्ली तक की किसान यात्रा लेकर निकले गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी किसानों के कर्ज को भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब किसानों का कर्ज पूरी तरह से माफ होना चाहिए। किसानों के उत्पादों का समर्थन मूल्य बढ़ाने की जरूरत है।
 
रोड शो के दौरान गांधी ने केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार किसानों का कर्ज माफ नहीं करती है तो उत्तरप्रदेश और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।
 
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश की जनता से लोक-लुभावन वादे कर सत्ता हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान वादा किया था कि प्रतिवर्ष देश के 2 करोड़ नौजवानों को नौकरी दी जाएगी, विदेशों से कालाधन वापस लाया जाएगा, लेकिन आज तक एक भी वादा पूरा नहीं किया।
 
गांधी ने कहा कि देश में पूंजीपतियों के कर्ज तो माफ किए जा रहे हैं लेकिन किसानों को कोई पूछने वाला नहीं है। केंद्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार उद्योगपतियों का कर्ज तो माफ कर रही है लेकिन किसानों का कर्ज माफ करने के लिए उनके पास कोई योजना नहीं है। केंद्र सरकार ने पूंजीपतियों के 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपयों का कर्ज माफ कर दिया। पूंजीपतियों के पास कोई कमी नहीं है फिर भी उनके कर्ज माफ किए जा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों की हमदर्द है। उन्हें किसानों का कर्ज माफ करना चाहिए लेकिन किसान उनकी प्राथमिकताओं में नहीं हैं। भाजपा तो दिखावे के लिए किसानों का हमदर्द बनती है। मोदी ने कहा था कि भ्रष्टाचार समाप्त किया जाएगा और कालाधन वापस लाकर सभी के खातों में 15-15 लाख रुपए डाले जाएंगे, लेकिन आज तक एक भी वादा पूरा नहीं किया।
 
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार न तो महंगाई रोक पाई और न ही बेरोजगारों को रोजगार मिल पाया। बढ़ती महंगाई से सभी परेशान हैं। किसानों, मजदूरों, नौजवानों और गरीबों का हक दिलाने के लिए देवरिया से दिल्ली तक किसान यात्रा निकाली है।
 
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की सरकार ने देश में किसानों के 70 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किए थे। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सत्ता आएगी तो किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा, बिजली का बिल आधा होगा और किसानों को उनकी उपज का वास्तविक मूल्य दिलाया जाएगा। (वार्ता)