मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Rampal
Written By
Last Modified: शनिवार, 29 नवंबर 2014 (00:31 IST)

रामपाल के बैतूल आश्रम की जांच

रामपाल के बैतूल आश्रम की जांच - Rampal
भोपाल। हरियाणा में गिरफ्तार किए गए ‘स्वयंभू संत’ रामपाल के मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के उडदनमें स्थित आश्रम की जांच के लिए हरियाणा पुलिस का एक दल बैतूल पहुंच गया है।
बैतूल के पुलिस अधीक्षक सुधीर लाड ने बताया कि हरियाणा पुलिस का एक उप निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक कल शाम बैतूल पहुंच गए हैं। लाड ने बताया कि यह दल आश्रम की जमीन के दस्तावेजों की जांच कर रहा है। कल यह दल आश्रम जाकर छानबीन करेगा और लोगों के बयान लेगा।
 
रामपाल का आश्रम बैतूल से लगभग दस किलोमीटर दूर ग्राम उडदनमें स्थित है। यह आश्रम 70 एकड़ के विशाल क्षेत्रफलमें फैला हुआ है। पिछले तीन-चार वर्षों से इसे बनाया जा रहा है।
 
पुलिस ने बताया कि आश्रम की विशालता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि परिसर में 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले एक विशाल शेड का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा परिसर में दो तालाब एवं एक फिल्टर प्लांट सहित पक्के निर्माण कार्य किए गए हैं। आश्रम के निर्माण की लागत करोड़ों रुपए बताई गई है।
 
रामपाल की गिरफ्तारी से पहले तक आश्रम में निर्माण कार्य जारी थे और आश्रम में उनके कुछ समर्थक रहते भी थे तथा रोजाना आश्रम परिसर में बाबा के सत्संग-प्रवचनों की रिकार्डिग बजाई जाती थी, लेकिन बाबा की गिरफ्तारी के बाद से ही उनके समर्थक भूमिगत हो गए हैं और आश्रम में तभी से सन्नाटा पसरा हुआ है। 
 
बताया जाता है कि गिरफ्तारी के बाद रामपाल ने हरियाणा पुलिस को दिए बयान में बताया था कि बरवाला के सतलोक आश्रम में तैनात निजी कमांडो को प्रशिक्षण उडदन स्थित आश्रम में दिया जाता था और बाद में उन्हें सतलोक आश्रम भेजा जाता था।
 
उन्होंने यह भी बताया कि बैतूल आश्रम के संचालन की कमान उनके बेटे और दामाद के हाथों में थी और यही दोनों निर्माण कार्य के साथ-साथ कमांडों की भर्ती का काम भी देखा करते थे। बाबा के इस सनसनीखेज खुलासे के बाद ही हरियाणा पुलिस का एक दल यहां पहुंचा है और वह इस मामले में व्यापक छानबीन करेगा। (भाषा)