शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Pratyusha Banerjee, suicide
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 1 अप्रैल 2016 (23:37 IST)

टीवी अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी ने आत्महत्या की

टीवी अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी ने आत्महत्या की - Pratyusha Banerjee, suicide
मुंबई। छोटे परदे के मशहूर धारावाहिक 'बालिका वधु' में आनंदी का किरदार निभाकर घर-घर में प्रसिद्धि पाने वाली 24 साल की अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी ने शुक्रवार की दोपहर में अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। टीवी अभिनेत्री की आत्महत्या करने की  खबर के सामने आते ही पूरे देश में सनसनी फैल गई क्योंकि इस अदाकारा की अचानक खुदकुशी करने से सब हैरान हैं।  
प्रत्युषा बनर्जी मूल रूप से जमशेदपुर की रहने वाली थीं। उसने बालिका वधु में अपनी अभिनय प्रतिभा से लाखों लोगों का दिल जीत लिया था। प्रत्युषा  बिग बॉस में भी नजर आई थीं। शु्क्रवार को उसने  कांदीवली स्थित अपने ही घर में  फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अभी तक आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रत्युषा के आत्महत्या करने के कदम से उनकी मां बदहवास हालत में हैं। वह कांदीवली में अपनी मां के साथ ही रहती थीं। 

मीडिया खबरों के मुताबिक कांदीवली में प्रत्युषा ने आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसे बाद में इलाज के लिए कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर‍ दिया। 

डिप्रेशन में थीं प्रत्युषा : मुंबई पुलिस के प्रवक्ता धनंजय कुलकर्णी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 24 वर्षीय प्रत्युषा ने सुबह  कांदीवली में अपने घर में पंखे से फंदा लगा ली। उन्हें कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उनकी मौत हो गई। कुलकर्णी ने बताया कि अस्पताल ने टीवी अभिनेत्री की मौत की रिपोर्ट भेज दी है और वे उसके आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रहे हैं। 
 
झारखंड के जमशेदपुर में जन्मीं प्रत्युषा ने 2010 से 2013 के बीच टेलीविजन धारावाहिक 'बालिका वधू' में आनंदी के किरदार से घर-घर में अपनी पहचान बनाई। ससुराल सिमर का, पॉवर कपल,  रियल्टी शो "झलक दिखला जा-5 "और "बिग बॉस 7" में भी काम किया और सावधान इंडिया के कुछ एपिसोड भी होस्ट किए।

रिपोर्टों के अनुसार प्रत्युषा पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से डिप्रेशन में थी और उनके अपने करीबी दोस्त से अच्छे संबंध नहीं चल रहे थे। प्रत्युषा द्वारा आत्महत्या किए जाने से उनके टीवी सहयोगी कलाकार स्तब्ध हैं। उनकी दोस्त काव्या पंजाबी के तो आंसू ही नहीं थम रहे थे। उनके कुछ दोस्तों में से एक एजाज खान का कहना है कि प्रत्युषा बहुत बहादुर लड़की थी, वो आत्महत्या तो कर ही नहीं सकती। उसकी हत्या की गई है।