बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Maharastra
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 21 अक्टूबर 2014 (10:52 IST)

दिवाली तक नहीं मिलेगा महाराष्‍ट्र को मुख्यमंत्री

दिवाली तक नहीं मिलेगा महाराष्‍ट्र को मुख्यमंत्री - Maharastra
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह महाराष्ट्र में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात करने और नेतृत्व के मुद्दे एवं राज्य में सरकार के गठन पर चर्चा करने के लिए दिवाली के बाद मुंबई जाएंगे।
 
उन्होंने बताया, 'मैं आज नहीं जा रहा। मुझे लगता है कि मैं दीपावली के बाद मुंबई जाउंगा।' सिंह भाजपा के पर्यवेक्षक के तौर पर वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा के साथ मुंबई जाएंगे। वहां वे भाजपा के विधायक दल का नेता चुनने में विधायकों की मदद करने के लिए जाएंगे।
 
भाजपा के संसदीय दल के फैसले के अनुसार, सिंह और नड्डा को पहले कल (20 अक्टूबर) को मुंबई जाना था लेकिन फिर उन्होंने इस यात्रा में बदलाव का फैसला किया।
 
जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा के विधायक दल का नेता चुनने में कोई बाधा आ रही है तो सिंह ने कहा, 'नहीं, कोई बाधा नहीं है।' अब तक भाजपा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के बारे में कोई फैसला नहीं किया है।
 
एकनाथ खडसे और विनोद तावड़े जैसे वरिष्ठ नेताओं की ओर से मिल रही चुनौती से पार पाते हुए महाराष्ट्र में भाजपा के प्रमुख देवेंद्र फड़नवीस का नाम मुख्यमंत्री पद की संभावित पसंद के रूप में सामने आया। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के करीबी बताए जाने वाले सिंह अपने पुराने सहयोगी से मुलाकात कर सकते हैं।
 
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में 123 सीटें हासिल करने वाली भाजपा को 288 सदस्यों वाली विधानसभा में आधी सीटों के मापदंड को पूरा करने के लिए कम से कम 22 विधायकों की जरूरत है।
 
शिवसेना ने 63 सीटें जीतीं हैं। भाजपा और शिवसेना का गठबंधन चुनाव से ठीक पहले सीट बंटवारे के मुद्दे टूट गया था। (भाषा)