शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Kanpur, Congress,
Written By Author अवनीश कुमार
Last Modified: रविवार, 11 जून 2017 (19:54 IST)

कांग्रेसियों ने शाह की अर्थी निकालकर फूंका पुतला

कांग्रेसियों ने शाह की अर्थी निकालकर फूंका पुतला - Kanpur, Congress,
कानपुर। केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के लगभग तीन साल तक कांग्रेस कोई ऐसा मुद्दा सड़क नहीं ला पा रही थी, जिससे आम जनता को अपने पक्ष में किया जा सके लेकिन शनिवार को भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को चतुर बनिया कहा जाना कांग्रेस के लिए आम जनता के बीच में अपनी साख बढ़ाने का मौका मिल गया, जिसके चलते कानपुर में कांग्रेसियों ने सड़क पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बनखंडेश्वर मंदिर से लेकर लेनिन पार्क तक शाह की अर्थी निकाल और पुतला फूंका।
 
हालांकि इस दौरान पुलिस ने पूरी कोशिश की कि पुतला दहन न हो पाए और कई बार हल्का बल का भी प्रयोग किया लेकिन कांग्रेसियों ने चतुराई से पुतला फूंक दिया। महानगर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेसी अंग्रेजों से तो डरे नहीं तो भाजपा किस खेत की मूली है। भाजपा की कोशिश है कि मध्यप्रदेश के मंदसौर में शहीद हुए किसानों के मुद्दे को भटका दिया जाए, जिसके चलते अमित शाह ने राष्ट्रपिता को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी जनता के लिए काम नहीं किया सिर्फ पूंजीवादियों को लाभ पहुंचाया है और जनता को भटकाने के लिए ऐसे मुद्दों का हवा दिया जाता है जिससे बहुसंख्यक वर्ग पार्टी के पक्ष में मजबूती से खड़ा रहे। 
 
विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र के साथ जिन प्रदेशों में सरकार है,जनता समस्याओं से परेशान है। ऐसे में अपनी नाकामी छिपाने के लिए उन मुद्दों को हवा देना चाह रही है, जिससे अल्पसंख्यक बनाम बहुसंख्यक की राजनीति चमकती रही, लेकिन जनता अब इनकी धोखेबाजी को जान चुकी है और जवाब देने के लिए हुंकार भर चुकी है।
 
शाह की गांधी पर की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि क्या गांधी चालाक थे? क्या कभी जातिवाद उनकी पूरी जिंदगी में दिखा? ऐसे महान व्यक्ति पर घृणित टिप्पणी करना राजनीति की मर्यादा को तार-तार करना है। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरप्रकाश अग्निहोत्री, शैलेन्द्र दीक्षित, नरेश चन्द्र त्रिपाठी, पवन गुप्ता, कमल शुक्ल बेबी, महेश दीक्षित, संजीव दरियाबादी सहित सैकड़ों कांग्रेसी मौजूद रहें।