शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. In Huge Setback, AAP Loses Bhagwant Manns Seat In Lok Sabha Bypoll
Written By
Last Modified: रविवार, 26 जून 2022 (16:57 IST)

Sangrur Lok Sabha Byelection Result 2022 : संगरूर उपचुनाव में AAP के 'मान' की हार, अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह की बड़ी जीत

Sangrur Lok Sabha Byelection Result 2022 : संगरूर उपचुनाव में AAP के 'मान' की हार, अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह की बड़ी जीत - In Huge Setback, AAP Loses Bhagwant Manns Seat In Lok Sabha Bypoll
चंडीगढ़। पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) प्रत्याशी सिमरनजीत सिंह मान ने रविवार को जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रत्याशी आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह को 5,822 मतों से हराया।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक मान को 2,53,154 मत मिले जबकि सिंह को 2,47,332 मत मिले। पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने नतीजों के संकेत मिलते ही हार स्वीकार कर शिअद (अमृतसर) नेता को बधाई दे दी थी।
 
पंजाब विधानसभा के लिए इस साल के शुरू में हुए चुनाव में भगवंत मान विधायक चुने गए थे जिसके बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसलिए इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
 
मीडिया को संबोधित करते हुए आप प्रवक्ता मलविंदर सिंह कांग ने कहा कि संगरूर लोकसभा उपचुनाव का नतीजा आ गया है। उन्होंने कहा कि हम संगरूर सीट के लोगों के जनादेश का सम्मान करते हैं। हम सिमरनजीत सिंह मान को उनकी जीत पर बधाई देते हैं। संगरूर लोकसभा उपचुनाव के लिए मतों की गिनती रविवार को सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई। यहां 23 जून को हुए मतदान में 16 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर थी।
 
संगरूर लोकसभा उपचुनाव में केवल 45.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 72.44 प्रतिशत और वर्ष 2014 के आम चुनाव में 76.71 प्रतिशत मतदान हुआ था। संगरूर में कुल 15.69 लाख मतदाता हैं। मौजूदा समय में राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2014 और 2019 में संगरूर सीट से जीत दर्ज की थी।
ये भी पढ़ें
उपचुनाव : भाजपा को मिली 4 सीट, संगरूर में आम आदमी पार्टी की हार