शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. helogen bulb affected eyes of 80 villagers
Written By
Last Modified: राजनांदगांव , गुरुवार, 8 फ़रवरी 2018 (10:01 IST)

हैलोजन बल्ब से 80 ग्रामीणों को आंख में तकलीफ

हैलोजन बल्ब से 80 ग्रामीणों को आंख में तकलीफ - helogen bulb affected eyes of 80 villagers
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब 80 लोगों ने हैलोजन बल्ब की तेज रोशनी के कारण आंखें प्रभावित होने की शिकायत की। प्रभावितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
राजनांदगांव जिले के कलेक्टर भीम सिंह ने बताया कि जिले के छुईखदान क्षेत्र के पैलीमेटा गांव में हैलोजन बल्ब की तेज रोशनी से 80 लोगों की आंखें प्रभावित हुई हैं। सभी मरीजों को जिले के छुईखदान और गडई के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
 
सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है कि इस महीने की पांच तारीख को कलार समाज के लगभग पांच सौ लोग सामाजिक बैठक में पैलीमेट गांव में शामिल हुए थे। इस बैठक में मध्यप्रदेश के सदस्य भी शामिल थे। बैठक देर रात तक चली थी।
 
कलेक्टर ने बताया कि बैठक समाप्त होने के बाद वहां मौजूद लोग सोने चले गए। जब वे सुबह उठे तो अधिकांश लोगों ने आंखों में तकलीफ की शिकायत की। जब लोगों की तकलीफ बढ़ी तब उन्होंने चिकित्सकों से संपर्क किया।
 
सिंह ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला मुख्यालय से नेत्र विशेषज्ञों का दल गांव भेजा गया और प्रभावितों की जांच की गई। प्रभावितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
अब लिंक करना होगा आधार से ड्राइविंग लाइसेंस