गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Heat in Telangana and Andhra Pradesh
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शनिवार, 23 मई 2015 (23:13 IST)

गर्मी का कहर, लू ने ली 223 की जान

गर्मी का कहर, लू ने ली 223  की जान - Heat in Telangana and Andhra Pradesh
नई दिल्ली। देश के कई भागों में चल रहे लू के थपेड़ों ने तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के विभिन्न भागों में अब तक 223 लोगों की जान ले ली जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा।
 
अधिकारियों ने बताया कि दोनों राज्यों में लगातार चल रही लू के कारण अभी तक तेलंगाना में 128 लोगों की, जबकि आंध्रप्रदेश में 95 लोगों की मौत हुई है। मृतकों की यह संख्या आंध्रप्रदेश में 18 मई से आज तक, जबकि तेलंगाना में 15 अप्रैल से आज तक की है।
 
पश्चिम बंगाल में गर्मी और लू से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। प्रदेश में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
 
दूसरी ओर राजधानी दिल्ली में आज मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि कल उत्तर भारत में आंधी आने की संभावना है जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
 
आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबु नायडू ने कहा, हमारे यहां करीब 100 लोगों की मौत हुई है। संख्या और बढ़ रही है। हम हताहतों की संख्या घटाने के लिए हरसंभव उपाय कर रहे हैं। तेलंगाना के आदिलाबाद, वारंगल, हैदराबाद, खम्माम, महबूबनगर, नालगोंडा और निजामाबाद, करीमनगर जिलों में लू का प्रभाव बहुत ज्यादा है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को खम्माम, नालगोंडा, निजामाबाद, रामागुंडम में सबसे अधिक 47 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
 
ओडिशा में भी लू तेज हो गई है और प्रदेश के 19 स्थानों पर आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने बताया कि प्रदेश में लू के कारण अभी तक 26 लोगों की मौत हुई है।
 
उत्तरप्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। भीषण तपिश और लू से सामान्य जनजीवन बेहाल है। हालांकि अगले एक-दो दिन में राहत के आसार हैं। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में आज भी पारा 41 डिग्री सेल्सियस से उपर रहा। इलाहाबाद 47 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
 
आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के इलाहाबाद, वाराणसी, फैजाबाद, लखनउ, बरेली, मेरठ तथा मुरादाबाद मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी उपर दर्ज किया गया। इस अवधि में इलाहाबाद सबसे गर्म स्थान रहा, जहां दिन का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था।
 
हालांकि अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश अथवा गरज के साथ छीटें पड़ने की सम्भावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। अगले 48 घंटे के अंदर खासकर पूर्वी हिस्सों में भी बारिश होने की आशा है।
 
पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी से लोग बेहाल हैं। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में आज अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि शाम को आंधी चलने से गर्मी से कुछ राहत भी मिली।
 
मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों में भिवानी सबसे गर्म रहा, जहां का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
रेगिस्तानी प्रदेश राजस्थान में जैसलमेर सबसे गर्म रहा। वहां आज अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। प्रदेश के अन्य कई शहरों जैसे कोटा, चुरू, श्रीगंगानगर और जयपुर में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
 
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में गर्मी से कुछ राहत मिलने के बावजूद चन्द्रपुर में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां कल का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। (भाषा)