किया रेप, मुकदमा वापस नहीं लेने पर जिंदा जला डाला
सम्भल। उत्तर प्रदेश के सम्भल में एक सनसनीखेज घटनाक्रम में बलात्कार के एक आरोपी ने मुकदमा वापस नहीं लेने पर पीड़िता को अपने साथी की मदद से जलाकर मार डाला।
गुन्नौर के पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि गुन्नौर थाना क्षेत्र के एहरोली नवाजी गांव में राजेन्द्र तथा विजय नामक व्यक्तियों ने मंगलवार शाम 17 साल की एक लड़की पर उसके घर में घुसकर मिट्टी का तेल उड़ेल दिया और आग लगा दी।
उन्होंने बताया कि लड़की को गम्भीर रूप से झुलसी हालत में अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां आज तड़के उसकी मौत हो गई।
कुमार ने बताया कि वारदात की शिकार हुई लड़की ने इस मामले के आरोपी विजय के खिलाफ पिछले साल बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि विजय लड़की पर उस मुकदमे को वापस लेने का दबाव बना रहा था। नहीं मानने पर उसने लड़की को जलाकर मार डाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। (भाषा)