शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Controversial statement of Assam governor
Written By
Last Updated :गुवाहाटी , सोमवार, 23 नवंबर 2015 (13:00 IST)

असम के राज्यपाल ने कहा, हिंदुओं के लिए है हिंदुस्तान

असम के राज्यपाल ने कहा,  हिंदुओं के लिए है हिंदुस्तान - Controversial statement of Assam governor
गुवाहाटी। असम के राज्यपाल पीबी आचार्य ने खबरों के अनुसार यह बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया कि हिंदुस्तान हिंदुओं के लिए है। उनके इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि यह संघ और भाजपा की बांटने की विचारधारा है जिसकी वजह से दादरी जैसी घटना घटी।
शनिवार को एक पुस्तक विमोचन समारोह में दिए गए कथित बयान पर सफाई देने के लिए आचार्य की ओर से रविवार को किए गए प्रयास से विवाद और बढ़ गया जब उन्होंने कहा कि भारत में मुस्लिम कहीं भी जाने को स्वतंत्र हैं।
 
मीडिया ने राज्यपाल के हवाले से कहा, 'हिंदुस्तान हिंदुओं के लिए है। इसमें कुछ गलत नहीं है। विभिन्न देशों के हिंदू यहां रह सकते हैं। वे बाहरी नहीं हो सकते। जब आचार्य के बयान पर विवाद शुरू हो गया तो उन्होंने कहा कि उनका मतलब था कि विदेशों में मुसलमानों समेत भारतीय मूल के सभी लोगों का इस देश में स्वागत है।'
 
उन्होंने कहा कि हमें अपने दिमाग में यह बात रखनी चाहिए कि केवल धर्म की वजह से किसी व्यक्ति को दूसरे देश में सताया जाता है। अगर भारतीय ईसाई को पाकिस्तान में सताया जाएगा तो उसे भारत आना पड़ेगा। वह कहां जाएगा?
 
आचार्य ने कहा कि अगर एक यूरोपीय ईसाई को सताया जाता है या यूरोपीय हिंदू को सताया जाता है.... अगर उसे बेल्जियम में सताया जाता है तो वह भारत नहीं आ सकता। भारतीय मुस्लिम कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र हैं। अगर वे यहां रहना चाहते हैं तो यहां रह सकते हैं। कई पाकिस्तान चले गए। अगर वे पाकिस्तान, बांग्लादेश जाना चाहते हैं तो वे वहां जाने के लिए स्वतंत्र हैं। तसलीमा नसरीन को बांग्लादेश में सताया गया तो वह यहां आई। अगर वे आते हैं तो हम उन्हें शरण देंगे। भारत बड़े दिलवाला है।'

कांग्रेस ने आज आचार्य के बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण और हैरान करने वाला बताया। (भाषा)