गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Bomb Blast in Bangalore
Written By
Last Updated : सोमवार, 29 दिसंबर 2014 (00:47 IST)

बेंगलुरु में बम ब्लास्ट, एक महिला की मौत

बेंगलुरु में बम ब्लास्ट, एक महिला की मौत - Bomb Blast in Bangalore
बेंगलुरु। रविवार को यहां पर रात 8.30 बजे एक बम ब्लास्ट हुआ, जिसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया। घायल महिला ने देर रात दम तोड़ दिया। यह कम तीव्रता का धमाका था, जिसकी वजह से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। इस धमाके में आईईडी का इस्तेमाल किया गया। ताजा जानकारी मिली है क‍ि धमाके के तुरंत बाद जो दो युवक रेस्टोरेंट से निकले थे, उन्हें संदिग्ध मानकर पुलिस ने हिरासत में लिया गया है। इन दोनों युवकों को सीसी टीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया है। 
इस धमाके में भवानी नामक महिला घायल हुई थी, जिन्हें उपचार के लिए माल्या अस्पताल में भर्ती किया गया था लेकिन देर रात उनका निधन हो गया।

बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर एम. एन. रेड्डी ने बताया कि भवानी  तमिलनाडु की रहने वाली थी और बेंगलुरु घूमने आई थी। विस्फोट के छर्रे सिर पर लगने के कारण बुरी तरह घायल होने के बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि दूसरे व्यक्ति की पहचान कार्तिक के रूप में हुई है जो खतरे से बाहर है।
 
चर्च स्ट्रीट इलाके में स्थित कोकोनट ग्रोव रेस्टोरेंट के समीप जब आज रात चहल-पहल थी और लोग खाने पीने में लगे थे, तभी 8.30 एक ब्लास्ट हुआ जिसके कारण अफरातफरी मच गई। 
 
इस धमाके के बाद बेंगलुरु पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और घटना स्थल पर डॉग स्क्वॉड भी मौजूद हैं। इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

पुलिस को शक है कि धमाके के पीछे सिमी के फरार आतंकियों का हाथ हो सकता है। पुलिस ने कहा कि मध्यप्रदेश की खंडवा जेल से सिमी के कुछ आतंकी फरार हुए थे, जो बेंगलुरु में जाकर छुपे हुए थे। 

रेस्टोरेंट के बाहर लगे सीसी टीवी कैमरों की मदद से पुलिस यह पता लगाएगी कि आखिर किसने इसे अंजाम दिया। सनद रहे कि गृह मंत्रालय ने पहले ही बेंगलुरु को अलर्ट भेजा था।

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कनार्टक के मुख्यमंत्री  एस सिद्धारमैया से इस घटना के बारे में जानकारी ली और उन्होंने कहा कि केंद्र की तरफ से भी फोरेंसिक टीम भेजी जाएगी।

इसके बाद गृहमंत्री ने ट्वीट किया, ‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री एस सिद्धारमैया से बेंगलुरु विस्फोट के बारे में बातचीत की। उन्होंने स्थिति के बारे में अवगत कराया। केन्द्र सभी प्रकार की सहायता देने के लिए तैयार है।’ 

इसी बीच कानून मंत्री सदानंद गौड़ा ने भी घटना स्थल पर जाकर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। बम निरोधक दस्ता यहां मौजूद है और जांच में जुटा हुआ है। 

घटना के बाद मुंबई और दिल्ली में हाई अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई और दिल्ली में भीड़ भरे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कई गुना बढ़ा दी गई  है। दिल्ली में चांदनी चौक, कनाटप्लेस, लाजपथ नगर, सरोजनी नगर, पहाड़गंज और अन्य महत्वपूर्ण इलाकों में सुरक्षा चाकचौबंद कर दी है।  (वेबदुनिया न्यूज)