शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. BJP, municipal corporation
Written By
Last Updated : बुधवार, 26 अप्रैल 2017 (23:17 IST)

भाजपा ने इस तरह मनाया जीत का जश्न

भाजपा ने इस तरह मनाया जीत का जश्न - BJP, municipal corporation
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के तीन नगर निगमों के चुनावों में मिली भारी सफलता के जश्न को बेहद सादगी से मनाया और पार्टी की इस जीत को सुकमा में मारे गए सुरक्षाकर्मियों के प्रति समर्पित कर दिया। 
          
सुबह आठ बजे मतगणना की शुरुआत के साथ ही भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी कार्यकर्तार्आें की गतिविधियां तेज हो गईं थीं, लेकिन राज्य इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि इस विजय को वह सुकमा के शहीदों के प्रति समर्पित करते हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भी उन्हें फोन कर इस जीत को सादगी से मनाने का अनुरोध किया था। 
          
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजधानी में चुनावों में सफलता मिलने पर अधिकतर राजनीतिक दल ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी कर जश्न मनाते रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर अपनी खुशी जाहिर करते रहे हैं। 
 
भाजपा राज्य कार्यालय के पास कार्यकताओं की भीड़ थी, वरिष्ठ नेताओं का आना-जाना लगा रहा लेकिन ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी का प्रदर्शन नहीं किया गया। तिवारी ने कहा कि उन्होंने कार्यकताओं से अनुरोध किया है कि वे जश्न मनाएं लेकिन सादगी से। 
 
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत से पता चलता है समाज के सभी वर्गों के लोगों ने विकास के लिए एकजुट होकर भाजपा के पक्ष में मतदान किया। लोग अब विकास चाहते हैं और नकारात्मक राजनीति से दूर रहना चाहते हैं।        
       
भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली के लोग सुविधा चाहते हैं और मुफ्त में कुछ नहीं चाहते। अब आम आदमी पार्टी को जनादेश को समझना चाहिए और निगमों के कामकाज में सहयोग करना चाहिए। उसे आवश्यक राशि जारी करनी चाहिए ताकि विकास कार्यों को गति दी जा सके।        
 
उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में मिले जनादेश पर राजनीतिक दलों को आत्मचिन्तन करना चाहिए और सकारात्मक राजनीति की दिशा में पहल करनी चाहिए। उल्लेखनीय है आज घोषित नतीजों के अनुसार दिल्ली नगर निगमों के चुनाव में भाजपा को तीसरी बार भारी सफलता मिली है। (वार्ता)