गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. BJP
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 21 अक्टूबर 2014 (16:10 IST)

भाजपा दिल्ली में चुनाव कराने को उत्सुक

भाजपा दिल्ली में चुनाव कराने को उत्सुक - BJP
नई दिल्ली। हरियाणा और महाराष्ट्र में शानदार प्रदर्शन के बाद भाजपा अब दिल्ली में चुनाव का सामना करने के लिए कमर कसती दिख रही है, वहीं आम आदमी पार्टी ने उसे प्रदेश में चुनाव कराने की दी गई चुनौती को दोहराया है।
 
उधर दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुरी तरह मात खाने वाली कांग्रेस ने भी चुनाव कराने की मांग करते हुए दावा किया कि पार्टी प्रदेश में काफी अच्छा प्रदर्शन करेगी और चौंकाने वाले परिणाम देगी।
 
आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल की चुनाव कराने की चुनौती पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक नंद किशोर गर्ग ने कहा, 'हम चुनाव के लिए तैयार हैं। लोगों का भरोसा भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर है। महाराष्ट्र और हरियाणा में यह साबित हो गया है।
 
इससे पहले लोकसभा चुनाव में भी हमने दिल्ली में सभी सातों सीटें जीतकर यह बात सिद्ध की है।
 
सोमवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने भी कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक अस्थिरता जल्द समाप्त होनी चाहिए और वह तत्काल ताजा चुनाव का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
 
गौरतलब है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के त्यागपत्र के बाद गत फरवरी से ही राष्ट्रपति शासन है।
 
आप के वरिष्ठ नेता योगेन्द्र यादव ने सवाल किया कि हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव परिणाम के बाद क्या अब भाजपा दिल्ली में चुनाव करायेगी? जनता बेसब्री से प्रतीक्षा कर रही है, राष्ट्रीय राजधानी में चुनाव कराया जाना चाहिए और एक लोकप्रिय सरकार का गठन होना चाहिए।
 
ओखला से कांग्रेस विधायक आसिफ मोहम्मद खान ने कहा कि कांग्रेस पहले से ही दिल्ली में चुनाव कराने की मांग करती रही है। दिल्ली में चुनाव कराया जाना चाहिए और नया जनादेश प्राप्त करके अनिश्चितता समाप्त की जानी चाहिए।
 
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके भाजपा को दिल्ली में चुनाव कराने की चुनौती दी थी। केजरीवाल ने कहा था, 'क्या अब भाजपा में दिल्ली में चुनाव कराने का साहस है?'
 
त्रिनगर से भाजपा विधायक गर्ग ने कहा कि हम हरियाणा चुनाव को दिल्ली के अभ्यास के तौर पर मानते हैं जिसकी सीमा दिल्ली से जुड़ी है और राजनीतिक दृष्टि से भी निकटता है। दिल्ली के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा में काफी काम किया। हम पूरी तरह से तैयार है।
 
‘मोदी लहर’ के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता आसिफ मोहम्मद ने कहा कि दिल्ली में मोदी लहर नहीं दिख रही है। कांग्रेस का प्रदर्शन काफी बेहतर होगा, हमारा ग्राफ उपर उठेगा। प्रदेश में हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
 
दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी ने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव परिणाम से स्पष्ट हो गया है कि नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भाजपा की लोकप्रियता काफी बढ़ी है। अगर अभी दिल्ली में चुनाव कराये जाते हैं तो पार्टी को बहुमत मिलेगा। (भाषा)