गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Barghat
Written By
Last Modified: मंगलवार, 6 अक्टूबर 2015 (13:01 IST)

सिवनी के बरघाट में दूसरे दिन कर्फ्यू जारी

सिवनी के बरघाट में दूसरे दिन कर्फ्यू जारी - Barghat
मंडला। मध्यप्रदेश सिवनी जिले के बरघाट में लगातार दूसरे दिन भी कर्फ्यू जारी है। भाजपा नेता की मौत के बाद बेकाबू हालात के चलते यहां कर्फ्यू लगाया गया है। अब तक कर्फ्यू में ढील देने का कोई फैसला नहीं लिया गया है। मामले की नाजुक स्थिति को देखते हुए छिंदवाड़ा और मंडला से बुलवाई गई बटालियनें यहां अपना डेरा डाले हुए है।  
 
पूरे बरघाट इलाके को सैन्य छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स को बरघाट में तैनात है। एसपी और कलेक्टर खुद पूरे हालात पर नजर रखे हुए है।
 
बरघाट में भाजपा नेता की हत्या के बाद आगजनी और तोड़फोड़ को देखते हुए कर्फ्यू लगा दिया गया था। हालात बेकाबू होने पर मौके पर पहुंचे कलेक्टर भरत यादव और एसपी आरपी सिंह के वाहनों में भी आक्रोशित भीड़ ने तोड़फोड़ कर दी थी। 
 
इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करके उपद्रवियों को खदेड़ दिया। जब भीड़ को खदेड़ने के बाद भी हालात नहीं सुधरे तो मजबूर होकर स्थानीय प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ा।
 
लोहारा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच और भाजपा ग्रामीण मंडल के महामंत्री कपूरचंद ठाकरे की नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। ठाकरे की मौत की खबर लगते ही बरघाट में हालात बिगड़ गए।
 
ग्रामीणों ने ठाकरे पर हमला करने वाले दो आरोपियों जाहिर खान और रियाज खान के घर पर तोड़फोड़ कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने आधा दर्जन बाइक में भी आग लगा दी। दो पक्षों के बीच बढ़ते तनाव की वजह से बरघाट में धारा 144 लागू कर दी गई थी। इस पर भी हालात पर काबू न होता देख कर्फ्यू लगा दिया गया।
 
पुलिस के मुताबिक कपूरचंद 3 अक्टूबर को अपनी कार से लोहारा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बरघाट के पास उनकी कार से एक बाइक को टक्कर लग गई थी। आरोप है कि बाइक सवार युवकों जाहिर खान और रियाज खान ने पीछा कर कार चला रहे कपूरचंद को रोक लिया। उन्हें कार से बाहर निकाल कर उनकी जमकर पिटाई की।
 
कपूरचंद को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक केंद्र लाया गया था, जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने उन्हें नागपुर रेफर कर दिया। नागपुर में इलाज के दौरान कपूरचंद ने दम तोड़ दिया।