बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Assam
Written By
Last Modified: गुवाहाटी , सोमवार, 31 अगस्त 2015 (22:40 IST)

असम में बाढ़ के हालात गंभीर, 7.3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

असम में बाढ़ के हालात गंभीर, 7.3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित - Assam
गुवाहाटी। असम में बाढ़ से हालात ज्यादा बिगड़ गए हैं और प्रदेशभर में लगातार बारिश की वजह से करीब 1600 गांवों के 7.3 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और आज तीन और लोगों की जान चली गई।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने अपनी बाढ़ संबंधी रिपोर्ट में कहा कि धेमाजी जिले में धेमाजी राजस्व क्षेत्र के तहत दो लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान कछार जिले के सोनई राजस्व क्षेत्र में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई।
 
इसके साथ ही बाढ़ से अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है, वहीं इस साल दो बार आई बाढ़ में मृतक संख्या 23 हो गई। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि डिब्रूगढ़ के बाहरी क्षेत्र में ठाकुथान में कल रात सेसा नदी उफान पर थी जिसमें एक मां और उसका नाबालिग बेटा बह गए। वे राहत शिविर की ओर जा रहे थे।
 
उन्होंने बताया कि बाढ़ में मोनिका दास (36), उनके पति मिलन दास तथा बेटा डूडू (6) नदी में बह गए, हालांकि उनके पति को लोगों ने बचा लिया जबकि बाकी दोनों का अभी तक कोई अता पता नहीं है।
 
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि धेमाजी, कोकराझार, बोंगईगांव, सोनितपुर, गोलपारा, लखीमपुर, तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, बारपेटा, जोरहाट, ग्वालपाड़ा, मोरीगांव, कछार, गोलाघाट और नगांव जिलों के 1,597 गांवों में 7.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
 
ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियों में जलस्तर बढ़ने से राज्य में आज भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही। कल तक बाढ़ के कारण राज्य में 14 जिलों के करीब 4.6 लाख लोग प्रभावित हुए। हालिया बाढ़ के कारण अबतक 13 लोगों की जान चली गई और एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसल जलमग्न हो गई।
 
इस बीच असम के मुख्यमंत्री तरण गोगोई ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अत्यधिक बारिश से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। उन्होंने ब्रह्मपुत्र, बराक और अन्य सहायक नदियों में जल स्तर बढ़ने से बने हालात की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव वीके पिपरसेनिया को यह सुनिश्चित करने को कहा कि बाढ़ के कारण संचार बाधित नहीं हो। एएसडीएमए ने कहा कि फिलहाल 1.2 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसल डूबी हुई है। (भाषा)