शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Asam, Flood
Written By
Last Updated :गुवाहाटी , बुधवार, 24 सितम्बर 2014 (00:17 IST)

मेघालय में बाढ़ से मृतक संख्या 21 हुई

मेघालय में बाढ़ से मृतक संख्या 21 हुई - Asam, Flood
शिलांग। मेघालय में गारो पहाड़ी क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है जबकि लापता बताए जा रहे 24 अन्य लोगों की भी मौत हो जाने की आशंका है।
राज्य सरकार के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने आज कहा कि पिछले 36 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण तीन लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं और 20 हजार से ज्यादा लोगों ने विभिन्न राहत शिविरों में शरण ली है।

गारो पहाड़ी क्षेत्र के कम से कम तीन जिलों को सर्वाधिक प्रभावित घोषित किया गया है। पूर्वी खासी पहाड़ी जिले के पुलिस अधीक्षक एम खार्करंग ने बताया कि यहां शिलांग शहर के बाहरी हिस्से में कल रात भूस्खलन होने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं।

जिला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश सिंह ने कहा कि उत्तरी गारो पहाड़ी जिले के खरकुटा क्षेत्र में 17 लोगों की मौत हो जाने की आशंका है। इस बीच अलग-अलग स्थानों से पांच शव बरामद किए गए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण पश्चिमी गारो पहाड़ी जिले में सात लोगों की मौत हो गई है वहीं पड़ोसी पश्चिमी गारो पहाड़ी जिले में अन्य सात लोगों की मौत हो जाने की आशंका है। दक्षिण पश्चिम गारो पहाड़ी जिले के उपायुक्त राम सिंह ने कहा कि सिर्फ इसी जिले में कुल 12 हजार लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।

उत्तरी गारो पहाड़ी जिले और पश्चिमी गारो पहाड़ी जिले में कई राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। अधिकारियों को उन शिविरों में पहुंचाए गए लोगों की वास्तविक संख्या की रिपोर्टों की प्रतीक्षा है। एनडीआरएफ की दो टीमें आठ नौकाओं के साथ उत्तरी गारो पहाड़ी जिले में पहुंच गई हैं। राहत एवं बचाव अभियानों के लिए ये टीमें आज सुबह पहुंचीं।

वहीं सीमा सुरक्षाबल और वायुसेना भी पश्चिमी गारो पहाड़ी जिले तथा दक्षिण पश्चिमी गारो पहाड़ी जिले में राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
 
मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने स्थिति की समीक्षा की और उन्होंने सभी प्रभावित जिलों के अधिकारियों को नुकसान तथा क्षति का ब्यौरा एकत्र करने को आदेश दिया। (भाषा)