गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 48 lakh rupees looted as income tax officer
Written By
Last Modified: सोमवार, 15 अप्रैल 2019 (11:10 IST)

फिल्म 'स्पेशल 26' देखकर बनाया प्लान, आयकर अधिकारी बन लूटे 48 लाख रुपए

फिल्म 'स्पेशल 26' देखकर बनाया प्लान, आयकर अधिकारी बन लूटे 48 लाख रुपए - 48 lakh rupees looted as income tax officer
नई दिल्ली। बॉलीवुड फिल्म ‘स्पेशल 26’ से प्रेरित होकर चार लोगों का एक गिरोह खुद को आयकर अधिकारी बताकर पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में एक घर से 48 लाख रुपए लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी और कहा कि घटना के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नितिन सूद (32) और प्रवीण कुमार (30) के तौर पर की गई है। उनके पास से 22.45 लाख रुपए की नकद राशि बरामद की गई है।

पश्चिमी दिल्ली की पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि गुरुवार को एक शिकायत दर्ज कराई गई थी कि एक महिला सहित चार लोग खुद को आयकर अधिकारी बताकर एक घर में घुस गए। उन्होंने अपने पहचान-पत्र दिखाए और कहा कि उनके पास सूचना है कि घर में बगैर लेखा-जोखा वाली बहुत धनराशि है। इसके बाद उन्होंने घर की तलाशी ली औरा 48 लाख रुपए नकद ‘जब्त कर लिए।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि इसके बाद आरोपियों ने जब्ती सूची बनाई और शिकायतकर्ता के दस्तखत कराए। आरोपियों ने उनसे कहा कि वह जब्त की गई धनराशि के सबूत के साथ दो दिन बाद आयकर विभाग के दफ्तर जाएं।

घर से रवाना होते वक्त वे अपने साथ घर के सीसीटीवी कैमरे भी ले गए। उन्होंने दलील दी कि उन्हें घर में आने-जाने वालों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की जरूरत है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और एक संदेहास्पद कार की पहचान की गई। फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें
राहुल की असफलता के बाद प्रियंका फूकेंगी कांग्रेस में नई जान, चुनावी मौसम में किताब का विमोचन