शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. एनआरआई
  3. खास खबर
Written By भाषा

अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों ने मनाया छठ

अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों ने मनाया छठ -
अमेरिकी राजधानी के उपनगर में ऐतिहासिक पोटोमेक नदी के किनारे छठ मनाने के लिए भारतीय मूल के कई अमेरिकी पहुंचे। पूजा में शामिल होने के लिए कई लोग तो मीलों दूर से आए थे।
 

 
पटना से आए एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर कृपा शंकर सिंह ने इसकी शुरुआत की थी। इस बार छठे साल पूजा आयोजित हुई। सूर्य की आराधना को समर्पित त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोग पहुंचे।
 
पिछले 6 साल से छठ पूजा कर रहे सिंह ने गुरुवार को कहा कि इस बार त्योहार में करीब 250 लोग आए। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के कुछ लोग तो फ्लोरिडा से आए, वहीं 1 महिला भारत से आई थीं। वर्जीनिया से 4, मेरीलैंड से 2 और न्यूयॉर्क तथा न्यूजर्सी से 1-1 महिला पहुंची।
 
पारंपरिक साड़ी पहने सिंह की पत्नी अनिता सिंह के साथ 9 अन्य महिलाएं अर्घ्य देने के लिए गुरुवार को पोटोमेक नदी के सर्द पानी में उतरीं। अनिता ने पोटोमेक नदी के किनारे छठ मनाने की शुरुआत 6 साल पहले की थी।
 
सिंह ने कहा कि पूजा में भागीदारी बढ़ती जा रही है। छठ के लिए कई परिवार सैकड़ों मील दूर से आकर होटल में ठहरे और यहां पूजा में शामिल हुए।
 
ग्रेटर वॉशिंगटन मेट्रोपॉलिटन एरिया में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नामी-गिरामी नेता कुमार सिंह ने कहा कि यहां पर छठ पूजा की लोकप्रियता में इजाफा हुआ है। कुमार ने कहा कि यह हमारे धार्मिक त्योहारों को जिंदा रखने की हमारी कोशिश है। (भाषा)