मुख पृष्ठ > खबर-संसार > शेयर बाजार > साप्ताहिक समीक्षा > महँगाई के नीचे आने से शेयर बाजार उछले
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
महँगाई के नीचे आने से शेयर बाजार उछले
महँगाई की दर के नौ माह के न्यूनतम स्तर पर आने और विदेशी संस्थागत निवेशकों और अन्यों की खरीद का समर्थन मिलने से देश के शेयर बाजारों ने बीते सप्ताह अच्छी छलाँग लगाई।

बीएसई का सैंसेक्स सप्ताह के दौरान 410 अंक की छलाँग के बाद पाँच हफ्ते बाद फिर दस हजार अंक से ऊपर निकल गया। एनएसई का निफ्टी 156 अंक बढ़कर तीन हजार अंक से ऊपर बंद हुआ।

इस वर्ष आमतौर पर बिकवाल रहे विदेशी संस्थागत निवेशकों ने दिसंबर माह के दौरान शुद्ध लिवाली की है, जिससे बाजारों को फिर से सहारा मिला है। महँगाई की दर छह दिसंबर को समाप्त हुए सप्ताह में 1.16 प्रतिशत लुढ़ककर नौ माह के न्यूनतम स्तर 6.84 प्रतिशत पर पहुँच गई।

उधर तेल निर्यातक देशों के संगठन ओपेक के रोजाना 22 लाख बैरल उत्पादन कटौती के फैसले के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें पाँच वर्ष के बाद फिर से 35 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई।

बीएसई का सेंसेक्स कुल 409.84 अंक बढ़कर 10099.91 अंक पर पहुँच गया। एनएसई का निफ्टी सप्ताह के दौरान 3100 अंक को पार करने के बाद सप्ताहांत 3077.50 अंक पर 156.15 अंक ऊँचा रहा।

बीएसई के अन्य सूचकांकों में मिडकैप 6.99 प्रतिशत अर्थात 213.51 अंक के लाभ के साथ 3263.99 अंक पर बंद हुआ। स्मालकैप में 3744.02 अंक पर 6.03 प्रतिशत अर्थात 213.06 अंक की बढ़त रही।

बीते सप्ताह शेयर बाजारों में अच्छी उठापटक देखने को मिली1 सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी में क्रमश 142.32 तथा 59.85 अंक की जोरदार बढ़त रही और बढत का यह सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा।

आर्थिक मंदी से निपटने के लिए अमेरिका के फैडरल रिजर्व और जापान के बैंक ऑफ जापान ने ब्याज दरों में कमी किए जाने जैसे कदम उठाए। इसके अलावा अमेर‍िका ने देश की नामी गिरामी ऑटोमोबाइल कंपनियों को सहारा देने के लिए पैकेज की घोषणा की।

गत सप्ताह का तीसरा कारोबारी दिवस अर्थात बुधवार शेयर बाजारों के लिए भारी रहा। विश्व के बाजारों में गिरावट से बिकवाली के दबाव में सैंसेक्स 261.69 अंक का गोता लगा गया। बिकवाली की मार से निफ्टी भी नहीं बच पाया और इसमें 87.40 अंक निकल गए।

गुरुवार को महँगाई के आँकड़ों ने शेयर बाजारों में फिर से जान भरी। सैंसेक्स ने तेजी का तिहरा शतक जडा और कुल 361.14 अंक बढ़कर पाँच सप्ताह बाद पहली बार दस हजार अंक से ऊपर 10076.43 अंक पर बंद हुआ।

एनएसई का निफ्टी 106.40 अंक की बढ़त से 3060.75 अंक पर पहुँच गया। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार को तेजी धीमी पड़ गई और सेंसेक्स तथा निफ्टी में क्रमश: 23.48 तथा 16.75 अंक की हल्की बढ़त दर्ज की गई।

सप्ताह के दौरान सेंसेक्स से जुड़ी कई ब्लूचिप कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी दर्ज की गई। देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई का शेयर 6.01 प्रतिशत की छलाँग के साथ 1287.65 रुपए पर पहुँच गया।

निजी क्षेत्र की अग्रणी पैट्रोलियम कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 1349.25 रुपए पर 3.30 प्रतिशत की बढ़त रही।

पैट्रोल की कीमतों में गिरावट आगे दामों में और गिरावट की उम्मीद के बीच अग्रणी यात्री कार कंपनी मारुति सुजूकी का शेयर 8.53 प्रतिशत बढ़ गया। टाटा मोटर्स के शेयर ने 16.35 प्रतिशत, महिन्द्रा ऐंड महिन्द्रा में 9.64 तथा हीरो हौंडा में 5.31 प्रतिशत की बढ़त रही।

मेटास को खरीदने के विवाद को लेकर आईटी वर्ग की चौथी बड़ी कंपनी सत्यम कंप्यूटर्स के शेयर पर बीते सप्ताह जमकर मार पड़ी। कंपनी का शेयर 26.25 प्रतिशत की भारी गिरावट से 162.80 रुपए रह गया।

इस वर्ग की अग्रणी टीसीएस के शेयर में 513.20 रुपए पर 6.42 प्रतिशत और विप्रो में 248.90 रुपए पर 4.27 प्रतिशत की तेजी आई। रियलटी कंपनी डीएलएफ का शेयर 11.65 प्रतिशत बढ़कर तीन सौ रुपए से ऊपर निकल गया।
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
शेयर बाजारों में सुधार की उम्मीद
शेयर बाजार में गर्मी लाने के प्रयास
शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव की संभावना
सेंसेक्‍स 7100 अंक पर आने की आशंका!
शेयर बाजारों में सुधार की संभावना
विदेशी बाजारों पर निर्भर रहेगा सेंसेक्स