-शैलेंद्र कोठारी
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान नई ऊँचाइयों पर पहुँचने के बावजूद निफ्टी में अनिश्चितता का ट्रेंड बना रहा, जबकि ऑपरेटरों एवं निवेशकों की जोरदार खरीदी से मिड एवं स्मॉल केप शेयर्स तूफानी गति से बढ़ते रहे। व्यवसायियों का कहना है कि मिड-केप शेयरों में मिल रहे मुनाफे से निवेशक उत्साहित हैं तथा तेजी से बढ़ रहे शेयरों में मुनाफा वसूली कर किनारे पड़े हुए शेयरों में खरीदी करने का क्रम चल रहा है। परिणामस्वरूप नित नए शेयर तेजी की राह पकड़ रहे हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि सेंसेक्स एवं निफ्टी में जब तक कोई भारी गिरावट नहीं आए तब तक मिड एवं स्मॉल केप शेयरों में बढ़त का सिलसिला जारी रह सकता है। फ्यूचर-ऑप्शन सेगमेंट में चल रही गतिविधियों एवं तकनीकी विश्लेषण से संकेत मिल रहे हैं कि हिंडाल्को, बिंदल एग्रो, जेपी एसोसिएट्स, ओएनजीसी, एनटीपीसी, डॉ. रेड्डी लैब, ल्यूपिन, एनडीटीवी इत्यादि में जानकार निवेशकों की खरीदी चल रही है। तकनीकी विश्लेषण के अनुसार चुनिंदा शेयरों में बन रही संभावनाओं का आकलन इस प्रकार है :-
मुंजाल ऑटो पिछले दो साल के दौरान 274 रुपए से लगातार घटते हुए 79.10 रुपए का लो बनाने के बाद शेयर में निवेशात्मक खरीदी प्रारंभ होने के शुरुआती संकेत मिल रहे हैं। कंपनी ने पिछले साल 50 प्रतिशत का डिवीडेंड दिया है, इसलिए डिवीडेंड यील्ड भी ज्यादा है।
केईसी इंफ्रा लंबे समय तक सीमित दायरे में घूमने के बाद काउंटर पर निर्णायक तेजी प्रारंभ होने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। निवेशात्मक खरीदी की जा सकती है।
वीबीसी फैरो 31 अक्टूबर 2007 को 482.65 का हाई बनाने के बाद तकनीकी करेक्शन पूरा कर रहे शेयर में एक बार फिर निर्णायक बढ़त प्रारंभ होने के संकेत मिल रहे हैं।
आरवी डेनिम पिछले चार महीनों से 70-106 रुपए की रेंज में घूम रहे शेयर में धीमी किंतु सतत निवेशात्मक खरीदी जारी है। निवेशात्मक खरीदी की जा सकती है।
इनके अलावा पैनाशिया बॉयोटेक, वैभव जेम्स, फिनोलेक्स पाइप्स, आलोक इंडस्ट्रीज एवं एनसीएल इंड. में भी विभिन्न सूचनाओं के आधार पर दीर्घावधि निवेशक सक्रिय हैं।
प्राइमरी मार्केट में इस सप्ताह तीन नए इश्यू खुल रहे हैं। आज मानक्सिया लि. के इश्यू में बुक बिल्डिंग प्रक्रिया प्रारंभ होगी। कंपनी इश्यू के जरिए 250 करोड़ रुपए जुटाएगी तथा इस राशि का उपयोग मैटल डिवीजन के विस्तार व वेल्यू-एडीशन एवं ऋण चुकाने के लिए किया जाएगा। कोलकाता की इस कंपनी के देशभर में 14 प्लांट हैं। कंपनी एल्युमीनियम व स्टील शीट्स, मास्किटो कॉइल्स, क्राउन क्लोजर एवं मैटल कंटेनर इत्यादि बनाती है।
यूबी ग्रुप, शॉ वैलेस, मोहन मिकिंस, ज्योति लैब, हिन्दुस्तान कोका कोला एवं रेकिट इत्यादि प्रमुख कंपनियाँ इसके ग्राहकों की सूची में शामिल हैं। कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2006 में 859 करोड़ रुपए के टर्नओवर पर 27 करोड़ रुपए का नेट मुनाफा कमाया था। वित्तीय ट्रेक-रिकॉर्ड अच्छा होने के साथ ही अपने कामकाज में कंपनी की पकड़ मजबूत है। प्रमोटर्स के दीर्घ अनुभव एवं भविष्य की बेहतर संभावनाओं को देखते हुए इश्यू में आवेदन किया जा सकता है।
प्रिसीशन पाइप्स एंड प्रोफाइल्स कंपनी का इश्यू आज खुल रहा है। कंपनी अपनी क्षमता का विस्तार करने के साथ ही दो नए प्लांट भी लगाने जा रही है। ऑटो कंपोनेंट क्षेत्र की इस कंपनी ने वित्तीय वर्ष मार्च-2007 में 109.28 करोड़ रुपए के टर्नओवर पर 13.87 करोड़ रुपए का नेट मुनाफा कमाया है। क्रिसिल ने इस इश्यू को 5 में से 4 की रेटिंग दी है। क्रिसिल ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कंपनी के मैनेजमेंट ने अपने छोटे से प्लास्टिक प्रोसिसिंग व्यवसाय को अच्छी तरह से आगे बढ़ाया है। कंपनी के कामकाज एवं भविष्य की बेहतर संभावनाओं को देखते हुए इश्यू में आवेदन किया जा सकता है।
एरियस एग्रो का इश्यू खुल चुका है व 19 दिसंबर को बंद होगा। पोरवाल ऑटो कंपोनेंट का इश्यू 20 दिसंबर को बंद होगा। दोनों ही इश्युओं में संस्थागत निवेशकों का रिस्पांस देखने के बाद ही निर्णय लिया जा सकता है।
|