मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > शेयर बाजार > साप्ताहिक समीक्षा
सुझाव/प्रतिक्रिया मित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
बढ़त की गति पर विराम जरूरी
-शैलेंद्र कोठारी

वैश्विक शेयर बाजारों को फेड रिजर्व से मिले बूस्टर डोज के बाद घरेलू तेजड़ियों ने निफ्टी एवं सेंसेक्स को नई ऊँचाइयों पर पहुँचा दिया है। विश्लेषकों का कहना है कि निफ्टी में बढ़त उम्मीद के अनुरूप थी, किंतु इस बढ़त का शुक्रवार को हुआ विस्तार चिंता उत्पन्न कर रहा है। फ्यूचर ऑप्शन सौदों की समापन अवधि निकट है, इसलिए हो सकता है कि निफ्टी के खरीददार थोड़ी और खींचतान करने में सफल हो जाए, किंतु यह बढ़त शुद्ध रूप से सट्टात्मक होगी यानी अगले कुछ दिनों तक मुनाफा वसूल करने वाले मध्यम अवधि निवेशक अंततः फायदे में रहेंगे।

एनएसई में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान शेयरों के भाव तूफानी तरीके से बढ़ते देखकर निवेशक आश्चर्यचकित रह गए। रिलायंस नेचुरल के भाव एक दिन में 40 प्रतिशत तक उछले तो रिलायंस इंडस्ट्रीयल इंफ्रा के भाव सिर्फ 5 ट्रेडिंग सत्रों में 74 प्रतिशत से ज्यादा उछल गए। इनके अलावा सीमेंट, स्टील, पॉवर, फर्टिलाइजर, बैंकिंग-फाइनेंस एवं रिलायंस समूह के बहुसंख्य छोटे-बड़े शेयर नित नई ऊँचाइयों पर पहुँचते रहे। व्यवसायियों का कहना है कि यह तेजी निवेशकों के लिए शुभ है, क्योंकि लाभ का संदेश लाई है, किंतु बढ़त की गति खतरनाक है। इसलिए सावधानी रखना जरूरी है।

तकनीकी विश्लेषकों का कहना है कि मंगलवार को 4535 के ऊपर बंद होते ही निफ्टी में जोरदार तेजी आई है, किंतु अब 45 दिवसीय वेटेज एवरेज से निफ्टी की दूरी ज्यादा बढ़ चुकी है। इसलिए तकनीकी तौर पर निफ्टी में 150-200 प्वाइंट्स की गिरावट लंबे समय तक चल सकने वाले बुल रन के लिए जरूरी है।

बाजार में चल रही तेजी का प्रभाव नए इश्युओं पर भी पड़ रहा है। कंसोलिडेटेड कंस्ट्रक्शन कंर्सोटियम लि. का इश्यू 81.18 गुना सबस्क्राइब हुआ। इस इश्यू के बारे में अधिकांश विश्लेषकों की नकारात्मक प्रतिक्रिया के बावजूद संस्थागत निवेशकों का पोर्शन 117 गुना से ज्यादा सबस्क्राइब हो गया है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि विदेशी एवं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने कंपनी में ऐसी विशेष बात देखी है, जिस पर विश्लेषकों ने ध्यान नहीं दिया है। इस इश्यू में निवेशकों को बेहतर मुनाफा मिलने की उम्मीद है।

कूटोंस रिटेल इंडिया लि. का इश्यू भी 45 गुना से ज्यादा सबस्क्राइब हुआ है। अधिकतम सीमा तक एप्लीकेशन लगाने वाले रिटेल निवेशकों को 16-17 शेयर्स मिलने की उम्मीद है। हालाँकि कूटोंस में रिटर्न कंसोलिडेट कंस्ट्रक्शन की तुलना में कम मिलेगा। सुप्रीम इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लि. का इश्यू खुल चुका है तथा 26 सितंबर को बंद होगा। इश्यू में बड़े निवेशकों की विशेष दिलचस्पी है तथा कंपनी की प्रगति रफ्तार भी अच्छी है। इसलिए इसमें बेहतर रिटर्न मिल सकता है।

फिक्स प्राइस इश्युओं में साम्या बॉयोटेक इंडिया लि. के डेढ करोड़ शेयर 10 रुपए के भाव पर जारी हो रहे हैं। बायो-फार्मा इंग्रेडिएंट्स उत्पादन के लिए प्रोजेक्ट लगाने जा रही कंपनी के शेयर्स सिर्फ बीएसई में लिस्ट होंगे। इस समूह की कंपनी विशु इंटरनेशनल बीएसई एवं एनएसई में लिस्ट है। प्रमोटर्स के ट्रेक रिकॉर्ड को दर्शाते हुए विशु के भाव दो-ढाई साल पहले के स्तर यानी 15 रुपए के आसपास ही चल रहे हैं।

सर्किट सिस्टम्स इंडिया लि. का इश्यू 27 सितंबर को खुल रहा है। कंपनी 35 रुपए के भाव पर 30 लाख शेयर्स जारी करेगी। यह शेयर भी सिर्फ बीएसई में ही लिस्ट होगा। प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) बना रही कंपनी का कामकाज धीमी गति से बढ़ रहा है। इस सेक्टर के शेयरों में बड़े निवेशकों की कोई विशेष दिलचस्पी नहीं है। इसलिए यह सट्टात्मक श्रेणी का शेयर है।
और भी
शेयर बाजार में तेजी रहने की संभावना
स्मॉल व मिड-केप है आउट परफार्मर
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव की संभावना
शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव की संभावना
मिड एवं स्मॉल केप में खरीदी जारी
सकारात्मक समाचारों से माहौल बदला