मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > शेयर बाजार > साप्ताहिक समीक्षा
सुझाव/प्रतिक्रिया मित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
स्मॉल व मिड-केप है आउट परफार्मर
- शैलेंद्र कोठारी

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान हैवीवेट शेयरों में मिश्रित घट-बढ़ के बीच निफ्टी सीमित दायरे में घूमते हुए मात्र 9 प्वॉइंट्स की बढ़त लेकर 4518 पर बंद हुआ।

शुक्रवार को निफ्टी ने 4535 का महत्वपूर्ण प्रतिरोध स्तर पार कर लिया था, किंतु उच्च स्तर पर बने दबाव के कारण प्रतिरोध निर्णायक रूप से टूट नहीं पाया। तकनीकी विश्लेषकों का कहना है कि चार्ट पैटर्न को देखकर स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि निफ्टी के तेजिड़ए मजबूत स्थिति में हैं और यह धीमी गति से बढ़ते हुए नई ऊँचाइयों पर पहुँचने हेतु तत्पर हैं।

वैसे सही बात तो यह है कि निफ्टी एवं इसके अधिकांश शेयरों की पूछपरख थोड़ी घट गई है, क्योंकि बड़े खिलाड़ी, व्यवसायी एवं निवेशक स्मॉल एवं मिड-केप शेयरों में ज्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं। दोनों ही सूचकांक नित नई ऊँचाइयों पर पहुँचते हुए निफ्टी एवं सेंसेक्स को पीछे छोड़ रहे हैं। पिछले दस ट्रेडिंग सत्रों में हुए कामकाज का विश्लेषण किया जाए तो इस अवधि में निफ्टी 1 प्रतिशत से भी कम बढ़ा है, जबकि 100 कंपनियों के भाव 15 से 65 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं और 200 कंपनियों में 6 से 14 प्रतिशत की तेजी आई है।

मिड-केप शेयरों का संसार वैसे तो काफी विस्तृत है, किंतु बड़े खिलाड़ियों एवं निवेशकों की दिलचस्पी मुख्य रूप से फर्टिलाइजर, पॉवर, बैंकिंग एवं फाइनेंस, सीमेंट व स्टील सेक्टर के बहुसंख्य मिड एवं कुछ लार्ज कैप शेयरों में बनी हुई है। इस सप्ताह रियल एस्टेट डेवलपर शेयरों में भी बड़ी मात्रा में डिलीवरियाँ उठाई गई हैं। यूनीटेक, एचडीआईएल, महिन्द्रा गेस्को एवं डीएलएफ के काउंटरों पर स्पष्ट रूप से तेजड़िए मजबूत स्थिति में हैं। इनके साथ ही शुक्रवार को बेहतर व्यवसाय मात्रा के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीयल इंफ्रास्ट्रक्चर के भाव भी उछले हैं। लंबे अंतराल के बाद इस काउंटर पर गतिविधियाँ बढ़ रही हैं। हालाँकि तकनीकी रूप से 700 रु. के आसपास मुनाफा वसूली का दबाव बन सकता है।

फ्यूचर में हो रहे कामकाज के साप्ताहिक विश्लेषण से पता चलता है कि इंडस-इंड बैंक, आलोक टेक्सटाइल्स, अलस्टॉम प्रोजेक्ट्स, रिलायंस पेट्रोलियम, रिलायंस नेचुरल, एचडीएफसी, टीटीएमएल, अम्बुजा सीमेंट, एबान ऑफशोर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, जेपी एसोसिएट्स एवं एचडीएफसी बैंक के खरीददार अत्यंत ही मजबूत स्थिति में हैं, इसलिए इनमें तकनीकी गिरावट का इस्तेमाल नई खरीदी के लिए हो सकता है।

आईटी शेयरों में लगातार बिकवाली दबाव बना हुआ है। सप्ताह के दौरान सीएनएक्स आईटी इंडेक्स 4.61 प्रतिशत घटकर बंद हुआ। आईटी सेक्टर के हैवीवेट शेयर्स तो खैर पहले से ही दबाव में थे, किंतु अब रोल्टा, सीएमसी, एचसीएल टेक, सास्केन, निट टेक्नालॉजिस, थ्री आई इंफोटेक, न्यूक्लिअस सॉफ्टवेयर एवं एमफेसिस इत्यादि मिड-केप शेयर्स भी दबाव में आ गए हैं। तकनीकी विश्लेषकों का कहना है कि अभी बहुसंख्य आईटी शेयर्स में शॉर्ट कवरिंग इत्यादि कारणों से थोड़ी बढ़त के अलावा मुख्य प्रवृत्ति दिशाहीनता से दबाव की है।

नए इश्युओं के मार्केट में पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ने धूम मचा दी है। संस्थागत निवेशकों के जोरदार रिस्पांस के बीच रिटेल इंवेस्टर्स को 1875 शेयर्स की एप्लीकेशन पर 280-290 शेयर्स मिलने का अनुमान है। कूटोंस रिटेल का इश्यू 18 सितंबर को खुल रहा है। कूटोंस एवं चार्ली आऊटला जैसे प्रसिद्ध ब्रांड के कपड़ों को बनाकर बेच रही कंपनी का रिटेल नेटवर्क एवं व्यवसाय लगातार बढ़ रहा है। यह ग्रोथ सेक्टर का स्टॉक है। इश्यू वाजिब भावों पर जारी हो रहा है।

कंसोलिडेटेड कंस्ट्रक्शन कंसोर्टियम का इश्यू भी 18 सितंबर को खुल रहा है। वित्तीय वर्ष 2003 से 2006 तक कंपनी का कामकाज सामान्य गति से चल रहा था, किंतु वित्तीय वर्ष 2007 में कुल आय एवं मुनाफा तेजी से बढ़ा है। इश्यू आने के ठीक पहले कामकाज में बढ़त की रफ्तार चौंका देने वाली है। कंपनी ने मार्च-2006 में प्रिफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए यूटीआई वेंचर फंड एवं इवोलवेंस को 360 रु. के भाव पर शेयर दिए थे।

इसके बाद कंपनी ने 2 पर 3 बोनस शेयर दिए हैं। यानी उक्त दोनों निवेशकों को शेयर 144 रु. के औसत भाव पर मिले हैं और अब डेढ़ साल बाद आम निवेशकों के लिए 510 रु. के भाव पर शेयर जारी हो रहे हैं। इश्यू तुलनात्मक रूप से बहुत महँगा है, इसलिए इसे सट्टात्मक श्रेणी में रखा जा सकता है।

सुप्रीम इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लि. का इश्यू 21 सितंबर को खुल रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की इस कंपनी का कामकाज एवं मुनाफा पिछले दो-तीन वर्षों से बढ़ रहा है लेकिन इश्यू थोड़े महँगे भाव पर जारी हो रहा है। इसलिए निवेशक बुक बिल्डिंग प्रक्रिया में संस्थागत निवेशकों के रिस्पांस को देखकर ही निर्णय लें।
और भी
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव की संभावना
शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव की संभावना
मिड एवं स्मॉल केप में खरीदी जारी
सकारात्मक समाचारों से माहौल बदला
तकनीकी सुधार जारी रहने की संभावना
अनिश्चित उतार-चढ़ाव का दौर जारी