-शैलेंद्र कोठारी
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान निफ्टी में बढ़त का क्रम जारी रहा, हालाँकि गति धीमी रही। डेरिवेटिव्ज विश्लेषकों का कहना है कि भारती एयरटेल, भेल, टाटा स्टील, सीमेंस, सेल, ओएनजीसी, विप्रो, रिलायंस, एलएंडटी एवं टाटा मोटर्स के काउंटर्स पर ओपन इंटरेस्ट की मात्रा बढ़ी है, जबकि भाव घटे हैं। प्रमुख शेयरों में हुए इस कामकाज से संकेत मिल रहे हैं कि बड़े खिलाड़ियों ने हैवीवेट शेयरों में बेचान किया है, इसलिए अभी निफ्टी की बढ़त में बाधा उत्पन्न हो सकती है।
विश्लेषकों का कहना है कि इंडो-यूएस न्यूक्लिअर डील पर चर्चा के लिए यूपीए लेफ्ट कमेटी की मीटिंग 10 से 14 सितंबर के बीच हो सकती है। इस डील के संबंध में लेफ्ट के कड़े रुख एवं नए सिरे से शुरू होने वाली बयानबाजियों को देखते हुए बाजार में सावधानी की स्थिति बनना स्वाभाविक है।
तकनीकी विश्लेषकों का मानना है कि निफ्टी निर्णायक रूप से 4535 के ऊपर बंद नहीं हुआ है। इस महत्वपूर्ण प्रतिरोध स्तर के ऊपर जाने के बाद ही निफ्टी एवं इसके प्रमुख शेयरों में तेजी का स्पष्ट ट्रेंड बन सकेगा।
प्रमुख शेयरों में कमजोरी आने के बावजूद स्मॉल एवं मिड-केप शेयरों में जोरदार खरीदी का दौर जारी है। सप्ताह के दौरान बीएसई स्मॉल केप इंडेक्स 4.63 प्रतिशत तथा मिड-केप इंडेक्स 3.68 प्रतिशत बढ़कर बंद हुए। इसके साथ ही दोनों ही सूचकांक सर्वकालिक ऊँचाइयों पर पहुँच गए हैं।
मिड-केप क्षेत्र के फ्यूचर आधारित शेयरों में श्री सीमेंट, कमिंस, मेक्डॉवेल, महाराष्ट्र सीमलेस, नागार्जुन फर्टिलाइजर्स, जीई शिपिंग एवं पॉवर फाइनेंस के भाव सप्ताह के दौरान तेजी से बढ़े हैं, जबकि सभी में ओपन इंटरेस्ट की मात्रा घटी है। इसलिए कहा जा सकता है कि उक्त सभी शेयरों में तेजड़िए मजबूत स्थिति में हैं तथा किसी भी तकनीकी करेक्शन का इस्तेमाल इनमें नई खरीदी के लिए हो सकता है।
बिरला जूट, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस, टाइटन, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बाटा, जीटीएल इत्यादि फ्यूचर शेयरों के भी भाव तेजी से बढ़े हैं, जबकि इनमें ओपन इंटरेस्ट की मात्रा मामूली बढ़ी है यानी उक्त सभी काउंटरों पर डिलीवरी आधारित खरीदी हुई है।
पिछले दो हफ्तों से चल रही बढ़त के बीच स्टील, सीमेंट, पॉवर, फर्टिलाइजर एवं बैंकिंग क्षेत्र के छोटे-बड़े शेयर्स आउटपरफार्मर बनकर उभरे हैं। संकेत स्पष्ट है कि उक्त सभी सेक्टरों के शेयर्स तेजी की मुख्य प्रवृत्ति में चल रहे हैं।
बहरहाल, आज से पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन का इश्यू खुल रहा है। लिस्टिंग गेन के साथ ही दीर्घावधि निवेश के लिए भी यह शेयर अति उत्तम है। यह ग्रोथ सेक्टर का शेयर है। पॉवर सेक्टर के शेयर्स वैसे भी नई तेजी के जोन में चले गए हैं। साथ ही यह भी याद रखना चाहिए कि एनटीपीसी एवं पॉवर फाइनेंस ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है।
धानुस टेक्नॉलॉजीस का इश्यू आज खुल रहा है। कंपनी 10 रु. फेस वेल्यू के शेयर्स 280 से 295 रु. के भाव पर जारी कर रही है। कंपनी के वर्तमान कामकाज को देखते हुए कहा जा सकता है कि इश्यू महँगे भाव पर जारी हो रहा है, किंतु कुछ बड़े निवेशकों की कंपनी में विशेष दिलचस्पी है। इसलिए निवेशक बुक बिल्डिंग प्रक्रिया में मिलने वाले रिस्पांस को देखकर ही निर्णय लें तो उचित होगा।
|