आरईसी का एफपीओ अगले साल

नई दिल्ली, बुधवार, 4 नवंबर 2009( 16:24 IST )
ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (आरईसी) का अनुवर्ती सार्वजनिक निर्गम (एफपीओ) अगले साल फरवरी में आने की संभावना है। कंपनी दिसंबर के मध्य तक बाजार नियामक सेबी से इस बारे संपर्क करेगी।
आरईसी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक उमा शंकर ने यहाँ संवाददाताओं से कहा, ‘आरईसी दिसंबर के मध्य तक विवरणी पुस्तिका (डीआरएचपी) सेबी के पास जमा करेगी। हमारी अगले साल फरवरी में एफपीओ लाने की योजना है।’
इस एफपीओ के जरिये कंपनी 15 फीसद नई इक्विटी जारी करेगी जबकि सरकार अपनी 5 फीसद हिस्सेदारी का विनिवेश करेगी। इसके जरिये कंपनी को मौजूदा बाजार कीमत के आधार पर 3,450.09 करोड़ रुपए मिलने की उम्मीद है। दोपहर में आरईसी के प्रति शेयर का भाव बंबई शेयर बाजार में 200.90 रुपए था।
एफपीओ के बाद सरकार की कंपनी में हिस्सेदारी घटकर 66.68 फीसद रह जाएगी, जो फिलहाल 81.82 फीसद है।
आरईसी देश में ग्रामीण विद्युतीकरण के लिये वित्त पोषण करती है तथा उसे उसे बढ़ावा देती है। (भाषा)