देश के शेयर बाजारों में सोमवार को ब्लू चिप कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहने से गिरावट का रुख रहा। पाँच सप्ताह बाद शुक्रवार को दस हजार अंक से ऊपर निकला बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 172 अंक लुढ़ककर मात्र एक कारोबारी दिवस के बाद ही इससे नीचे उतर आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी में 38 अंक का नुकसान रहा।
एशियाई बाजारों में मजबूती को देखते हुए यहाँ भी अनुमानों के अनुरूप कारोबार तेजी के साथ शुरू हुआ, लेकिन रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक समेत कई अन्य ब्लूचिप कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहने से बाजार लुढ़क गया।
सेंसेक्स शुक्रवार के 10099.91 अंक की तुलना में 10102.43 अंक पर मामूली मजबूत खुला और बढ़ता हुआ 10173.34 अंक तक चढ़ा। इसके बाद बिकवाली दबाव से नीचे में 9894.01 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 171.56 अंक अर्थात 1.70 प्रतिशत के नुकसान से 9928.35 अंक रह गया।
एनएसई का निफ्टी सत्र की शुरुआत में 3077.50 अंक के मुकाबले 3077.25 अंक पर नीचा खुला और फिर लिवाली के समर्थन से 3110.45 अंक तक चढ़ने के बाद 3027.80 अंक तक गिरा और समाप्ति पर कुल 38.20 अंक अर्थात 1.24 प्रतिशत के नुकसान से 3039.30 अंक रह गया।
बीएसई के अन्य सूचकांकों में मिडकैप और स्मालकैप में क्रमशः 4.20 तथा 9.07 प्रतिशत की गिरावट आई। ऑइल एंड गैस, बैंकेक्स, धातु, ऑटो, कैपिटल गुड्स, हेल्थकेयर पॉवर, आईटी और टैक वर्ग के सूचकांक भी नीचे आए। एनएसई का मिडकैप 0.51 प्रतिशत और जूनियर 0.57 प्रतिशत गिरा।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 1.6 प्रतिशत टूट गया। हांगकांग का हैंगसैंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट भी नीचा रहा।
बीएसई में कारोबार के दौरान कुल 2614 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें से 49.04 प्रतिशत अर्थात 1282 कंपनियों के शेयर चढ़े, जबकि 47.82 प्रतिशत अथवा 1250 में नुकसान और 82 में स्थिरता रही।
सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 23 के शेयर घाटे में और सात फायदे में रहे। सेंसेक्स में सर्वाधिक नुकसान निजी क्षेत्र के अग्रणी बैंक आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में हुआ। बैंक का शेयर 5.49 प्रतिशत अर्थात 25.90 रुपए टूटकर 446.05 रुपए रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज को 1284070 रुपए पर 4.78 प्रतिशत अर्थात 64.55 रुपए का झटका लगा।
महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर, भेल, जयप्रकाश एसोसिएट्स, एचडीएफसी, एसीसी, टाटा स्टील, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, आरकॉम, एसबीआई, विप्रो, हिंडाल्को, टीसीएस, एलएंडटी, इन्फोसिस टेक्नोलॉजी और सत्यम कम्प्यूटर के शेयर सेंसेक्स के घाटे वाली पहली बीस कंपनियों के शेयर रहे।
बढ़त वाले शेयरों में टाटा मोटर्स ने सर्वाधिक 4.91 प्रतिशत की छलांग लगाई। डीएलएफ का शेयर 2.73 प्रतिशत बढ़ा। रैनबैक्सी लैब, आईटीसी, टाटा पॉवर, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और ओएनजीसी के शेयर सेंसेक्स के अन्य फायदे वाले शेयर रहे। |