देश के शेयर बाजारों में आज उठापटक वाले कारोबार के बीच मुनाफावसूली का जोर रहने से मामूली बढ़त दर्ज की गई। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) सेंसेक्स 23 तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) निफ्टी 17 अंक ऊँचे बंद हुए।
अमेरिका के शेयर बाजारों में गुरुवार को आई तगड़ी गिरावट और एशियाई बाजारों में इसके असर को देखते हुए यहाँ भी कारोबार मंदी के साथ हुआ, किंतु सत्र के मध्य में बाजार ने अच्छी मजबूती पकड़ी जो अंतिम घंटे के कामकाज में मुनाफावसूली से गायब हो गई।
आवास ऋण की ब्याज दरों में और गिरावट की उम्मीदों के बीच रीयल्टी वर्ग के शेयरों को अच्छा समर्थन देखने को मिला। बीएसई में इस वर्ग का सूचकांक 10.57 प्रतिशत ऊँचा बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में शामिल रीयल्टी वर्ग की अग्रणी डीएलएफ का शेयर 10.80 प्रतिशत अर्थात 29.95 रुपए की तेजी के साथ 307.35 रुपए पर बंद हुआ।
कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स गुरुवार के 10076.43 अंक के मुकाबले 10001.33 अंक पर खुला और नीचे में 9987.42 अंक तक लुढ़कने के बाद 10188.54 अंक तक चढ़ा और समाप्ति पर कुल 23.48 अंक अर्थात 0.23 प्रतिशत की बढ़त से 10099.91 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार को सेंसेक्स 362 अंक की जोरदार छलाँग के बाद पाँच सप्ताह के उपरांत 10 हजार अंक से ऊपर निकला।
एनएसई का निफ्टी 3060.75 अंक की तुलना में 3063 अंक पर मजबूत खुला और ऊँचे में 3106.80 अंक तक चढ़ने के बाद समाप्त पर कुल 16.75 अंक अर्थात 0.55 प्रतिशत की बढ़त से 3077.50 अंक पर बंद हुआ। सत्र में निफ्टी नीचे में 3036.30 अंक तक गिरा।
बीएसई के अन्य सूचकांकों में मिडकैप और स्मॉलकैप ने क्रमश: 1.85 तथा 0.86 प्रतिशत की बढ़त रही। अन्य सूचकांकों में केवल ऑइल एंड गैस वर्ग का सूचकांक 40.79 अंक अर्थात 0.63 प्रतिशत नीचे आया। एनएसई का मिडकैप 1.68 तथा जूनियर 1.74 प्रतिशत ऊँचे रहे।
एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक 0.17 प्रतिशत ऊँचा रहा। जापान का निक्केई 0.9 प्रतिशत नीचे आया। हांगकांग का हैंगसैंग 2.4 प्रतिशत टूटा। यूरोप के शेयर बाजार भी नीचे नजर आए।
बीएसई में 2596 कंपनियों के शेयरों में लेनदेन किया गया। इसमें से 56.78 प्रतिशत अर्थात 1474 के शेयर बढे़, जबकि 40.10 प्रतिशत अथवा 1041 में नुकसान और 81 में स्थिरता रही। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में नफा-नुकसान की संख्या क्रमश: 18 तथा 12 रही।
सेंसेक्स के फायदे वाली सूची में अन्य कंपनियों में जयप्रकाश एसोसिएट्स के शेयर में छह प्रतिशत की बढ़त रही। महिन्द्रा एंड महिन्द्रा का शेयर 4.23 प्रतिशत ऊँचा रहा। स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, टाटा मोटर्स, रिलायंस इन्फ्रा, टाटा स्टील, आरकॉम, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, टाटा पॉवर, एलएंडटी, इन्फोसिस टेक्नोलॉजीस, टीसीएस, भेल, आईसीआईसीआई बैंक और ग्रासिम इंडस्ट्रीज के शेयर भी फायदे में रहे।
नुकसान वाली सूची में सत्यम कंप्यूटर के शेयर में 3.87 प्रतिशत का घाटा हुआ। ओएनजीसी, एसीसी, एचडीएफसी, आईटीसी, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, रैनबैक्सी लैब, एसबीआई, एनटीपीसी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और विप्रो के शेयर भी गिरे। |