महँगाई की दर के नौ महीने के निचले स्तर पर आने की खबरों के बीच रियलिटी, बैंकिंग, कैपिटल गुड्स और आईटी वर्ग की कंपनियों के शेयरों को मिले जोरदार समर्थन से देश के शेयर बाजारों ने गुरुवार को करवट बदली।
बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स तेजी का तिहरा शतक लगाते हुए पाँच सप्ताह बाद फिर दस हजार अंक से ऊपर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने 108 अंक की छलांग लगाई।
छह दिसम्बर को समाप्त हुए सप्ताह में महँगाई की दर 1.14 प्रतिशत की तीव्र गिरावट से 6.84 प्रतिशत रह गई। महँगाई की दर में गिरावट से देश की आर्थिक रफ्तार को फिर से पटरी पर लाने के लिए रिजर्व बैंक को कदम उठाने के लिए राह और आसान हुई है।
हालाँकि सत्र की शुरुआत में सेंसेक्स बिकवाली के दबाव में था, किंतु महँगाई के आँकड़ों ने बाजार का रुख बदल दिया। सत्र की शुरुआत में कल के 9715.29 अंक की तुलना में 9710.20 अंक पर नीचा खुला और लुढ़कता हुआ 9633.04 अंक तक गिरने के बाद जो संभला तो फिर अपनी रफ्तार को बनाए रखने में सफल रहा।
सत्र में 10110.34 अंक तक चढ़ने के बाद कुल 361.14 अंक अर्थात 3.72 प्रतिशत की बढ़त से 10076.43 अंक पर बंद हुआ। दस नवम्बर के 10535 अंक के बाद सेंसेक्स फिर दस हजार अंक से ऊपर निकला है।
एनएसई का निफ्टी कल के 2952.85 अंक के मुकाबले 2955.35 अंक पर नीचा खुला और 2922.65 अंक तक गिरने के बाद ऊँचे में 3072.55 अंक तक चढ़ा और समाप्ति पर कुल 107.90 अंक अर्थात 3.60 प्रतिशत की छलांग के साथ 3060.75 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में अन्य वर्गों के सूचकांक में रियलिटी ने 7.27 प्रतिशत की उड़ान भरी तो बैंकेक्स भी 7.06 प्रतिशत बढ़कर इसके पीछे चला। कैपिटल गुड्स सूचकांक 4.46 प्रतिशत तथा आईटी 4.41 प्रतिशत चढ़ा। बाजार में तेजी का रुख चौतरफा रहा और किसी भी वर्ग के सूचकांक में गिरावट नहीं झलकी।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप में क्रमशः 2.18 तथा 0.91 प्रतिशत की तेजी आई। निफ्टी मिडकैप 3.20 प्रतिशत और जूनियर 3.91 प्रतिशत चढ़ा।
एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख था। हांगकांग का हैंगसैंग 0.2 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.6 प्रतिशत बढ़ा, जबकि चीन के शंघाई कम्पोजिट में हल्की गिरावट रही।
बीएसई में कारोबार के दौरान कुल 2547 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें से 58.30 प्रतिशत अर्थात 1485 कंपनियों के शेयर बढ़े, जबकि 38.04 प्रतिशत अथवा 969 नुकसान में रहे। मात्र 93 कंपनियों के शेयरों में स्थिरता थी। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 27 चढ़े। दो में नुकसान तथा एक टिका रहा।
ब्याज दरों में और कमी की उम्मीदों के बीच रियलिटी कंपनी डीएलएफ के शेयर ने 9.56 प्रतिशत की दौड़ लगाई। कंपनी का शेयर 24.20 रुपए बढ़कर 277.40 रुपए पर पहुँच गया।
आईसीआईसीआई बैंक में 9.16 प्रतिशत तथा एसबीआई में 7.88 प्रतिशत की बढ़त रही। मेटास को खरीदने को लेकर कल तगड़ा झटका खाने वाला सत्यम कम्प्यूटर का शेयर 7.15 प्रतिशत चढ़ गया।
जयप्रकाश एसोसिएट्स, रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर, टाटा मोटर्स, टीसीएस, भेल, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, मारुति सुजुकी, आईटीसी लिमिटेड, एसीसी, आरकॉम, एलएंडटी, टाटा पॉवर, इन्फोसिस टेक्नोलॉजी, विप्रो और ओएनजीसी के शेयर सेंसेक्स के फायदे वाली पहली बीस कंपनियों के शेयरों में शामिल थे।
नुकसान वाली सूची में ग्रासिम इंडस्ट्रीज में 0.33 प्रतिशत अर्थात 4.05 रुपए का नुकसान हुआ। कंपनी का शेयर 1230.35 रुपए रह गया। स्टरलाइट इंडस्ट्रीज के शेयर में 0.11 प्रतिशत का घाटा हुआ। मात्र तीस पैसे के नुकसान से यह 270.90 रुपए पर बंद हुआ। |