-वेबदुनिया डेस्क
रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले 50.15 पर खुला। अब तक रुपए की इतनी खराब ओपनिंग कभी नहीं हुई थी। हालाँकि बाद में रुपए में कुछ खरीददारी आई और साथ ही कीमत भी थोड़ा रिकवर हुई।
पर शेयर बाजार के नीचे खुलने के साथ रुपए को संभालना आसान नहीं होगा। इस पूरे साल में एफआईआई ने 12.2 अरब डॉलर का नेट सेल किया है। जबकि पिछले साल विदेशी निवेशक 17.4 अरब डॉलर के नेट बायर थे। यानी इस साल विदेशी पैसा शेयर बाजार से तेजी से बाहर गया है और ये सिलसिला रुका नहीं है।
रुपए के महँगा होने के चलते निर्यातकों की मुश्किलें और बढ़ जाएँगी। शेयर बाजारों में आई तेज गिरावट की वजह से विदेशी मुदा विनिमय बाजार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 49.88 के स्तर तक चला गया था। इस स्तर तक पहुँचने से पहले ही बाजार विश्लेषकों ने कह दिया था रुपया पचास के स्तर को तोड़ सकता है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने हालांकि इसे और गिरने से रोकने के लिए बाजार में दखल दिया। इस दखल की वजह से रुपया 49.81 के स्तर पर बंद हुआ। इस साल रुपए में अब तक 21 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। |