विश्व के शेयर बाजारों से मंदी के समाचार और महँगाई के आँकड़े जारी होने से पहले सतर्क माहौल के बीच देश के शेयर बाजारों में गुरुवार को तीव्र गिरावट दर्ज की गई। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 151 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 56 अंक टूट गया।
सत्र की शुरुआत से ही बाजार बिकवाली के दबाव में था और पूरे कारोबार में 15 हजार अंक को छू नहीं सका। कच्चे तेल की कीमतों में फिर से हल्की तेजी और अमेरिका के साथ परमाणु विवाद को लेकर नया विवाद सामने आने का भी बाजार पर असर दिखा।
सेंसेक्स मंगलवार के 15049.86 अंक की तुलना में 14895.85 अंक पर खुला और ऊपर में 14994.15 तथा नीचे में 14766.01 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 150.76 अंक अर्थात एक प्रतिशत गिरकर 14899.10 अंक पर बंद हुआ।
एनएसई का निफ्टी 4504 अंक की तुलना में 4512.95 अंक पर मजबूत खुला और ऊँचे में 4514.60 अंक तक चढ़ने के बाद नीचे में 4419.45 अंक तक गिरा। समाप्ति पर यह 56.25 अंक अर्थात 1.25 प्रतिशत के नुकसान से 4447.75 अंक रह गया।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप में हल्की गिरावट रही। अन्य वर्गों के सूचकांकों में धातु, ऑइल एंड गैस, रियलिटी तथा कैपिटल गुड्स में तीव्र गिरावट रही। आईटी, हैल्थकेयर और ऑटोमोबाइल में मामूली बढ़त रही। एनएसई के मिडकैप और जूनियर क्रमशः 0.32 तथा 0.67 प्रतिशत नीचे आए। एशियाई शेयर बाजारों में हांगकांग का हैंगसैंग एक प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.4 प्रतिशत नीचे आए। ब्रिटेन के शेयर बाजार स्थिर खुले, जबकि ऑस्ट्रेलिया में गिरावट नजर आई। चीन का शंघाई कम्पोजिट मामूली ऊँचा था।
सत्र में बीएसई में कुल 2685 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। सेंसेक्स में 151 अंक की तीव्र गिरावट के बावजूद बीएसई का रुख सकारात्मक रहा। सत्र में 49.68 प्रतिशत अर्थात 1334 कंपनियों के शेयर बढ़े, जबकि 46.85 प्रतिशत अर्थात 1258 में नुकसान रहा। मात्र 93 कंपनियों के शेयरों में कोई घटबढ़ नहीं हुई। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में नफा-नुकसान की संख्या क्रमशः नौ तथा 21 रही।
सेंसेक्स के नुकसान वाले शेयरों की सूची में सर्वाधिक गिरावट स्टरलाइट इंडस्ट्रीज में 3.69 प्रतिशत अर्थात 23.50 रुपए की गिरावट आई। कंपनी का शेयर 613.10 रुपए रह गया। ओएनजीसी 2.97 प्रतिशत अथवा 32.70 रुपए के घाटे से 1068.85 रुपए पर बंद हुआ। एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी लिमिटेड, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर रिलायंस कम्युनिकेशंस, डीएलएफ, एनटीपीसी, टाटा स्टील, भेल, एचडीएफसी, भारती एयरटेल, विप्रो, टीसीएस, एलएंडटी, टाटा मोटर्स, सत्यम कम्प्यूटर और महिन्द्रा एंड महिन्द्रा के शेयर नुकसान वाली पहली 20 कंपनियों के शेयर थे।
बढ़त वाली सूची में अग्रणी यात्री कार कंपनी मारुति सुजुकी का शेयर रहा। इसमें 683.90 रुपए पर 2.93 प्रतिशत अर्थात 19.45 रुपए का सुधार हुआ। हिन्डाल्को इंडस्ट्रीज का शेयर 2.39 प्रतिशत अर्थात 2.95 रुपए के फायदे से 126.60 रुपए पर पहुँच गया। जयप्रकाश एसोसिएट्स, टाटा पॉवर, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, एसबीआई, इन्फोसिस टेक्नोलॉजी, आईसीआईसीआई बैंक और रैनबैक्सी लैब के शेयर सेंसेक्स के फायदे वाले अन्य शेयर रहे।
|