महँगाई की चिंता और कच्चे तेल में फिर उबाल से देश के शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन तीव्र गिरावट रही। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 248 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) 78 अंक टूटे।
अनुमान है कि महँगाई 16 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह में पहले के 12.63 प्रतिशत की तुलना में बढ़कर 12.80 प्रतिशत से ऊपर निकल जाएगी। उधर, कच्चे तेल के दाम फिर से उबलने लगे हैं। पिछले सप्ताह इसके भाव 111 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गए थे, जो फिलहाल 119 डॉलर प्रति बैरल के आसपास हैं।
हालाँकि एशियाई बाजारों में सुधार के समाचार थे, किंतु इसका फायदा यहाँ देखने को नहीं मिला। बीएसई में बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि एक भी वर्ग का सूचकांक बढ़त नहीं पा सका। कैपिटल गुड्स में सर्वाधिक 262.37 अंक का नुकसान हुआ। ऑइल एंड गैस को 247.81 अंक का झटका लगा। धातु 224.79 अंक तथा रियलिटी 83.79 अंक नीचे आया।
सेंसेक्स सत्र की शुरुआत में कल के 14296.79 अंक की तुलना में मामूली नीचा 14289.97 अंक पर खुला और ऊपर में 14347.19 तथा नीचे में 14002.43 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 248.45 अंक अर्थात 1.74 अंक के नुकसान से 14048.34 अंक पर बंद हुआ। मिडकैप और स्मालकैप में क्रमशः 77.58 तथा 77.61 अंक निकल गए।
एनएसई का निफ्टी 78.10 अंक अर्थात 1.82 प्रतिशत गिरकर 4214 अंक रह गया। निफ्टी मिडकैप में 1.53 प्रतिशत की गिरावट हुई। हांगकांग का हैंगसैंग 2.05 प्रतिशत ऊपर रहा। चीन का शंघाई कम्पोजिट और जापान का निक्केई मामूली ऊँचे बंद हुए।
बीएसई में बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि कुल 2716 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ, जिसमें से 1720 अर्थात 63.33 कंपनियों के शेयर नीचे 900 अथवा 33.14 प्रतिशत के शेयर लाभ तथा 96 कंपनियों के शेयर स्थिर रहे। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 25 के शेयर नुकसान और पाँच में लाभ था।
धातु वर्ग की हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर में सर्वाधिक 12.60 प्रतिशत का घाटा हुआ। कंपनी का शेयर 17.45 रुपए गिरकर 121.05 रुपए रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज 3.45 प्रतिशत अर्थात 74.15 रुपए के नुकसान से 2073.70 रुपए पर बंद हुआ। भेल के शेयर में 1628.90 रुपए पर 52.50 रुपए यानी 3.12 प्रतिशत का घाटा रहा।
रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर, टीसीएस, रिलायंस कम्युनिकेशंस, एलएंडटी, विप्रो लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, डीएलएफ लिमिटेड, एचडीएफसी, टाटा स्टील, एसबीआई, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, एचडीएफसी बैंक, टाटा मोटर्स, एसीसी, स्टरलाइट और ओएनजीसी के शेयर सेंसेक्स के नुकसान वाली पहली 20 कंपनियों की सूची में शामिल थे।
यात्री कार वर्ग की अग्रणी मारुति सुजुकी का शेयर 0.61 प्रतिशत अर्थात 3.80 रुपए बढ़कर 630.20 रुपए पर पहुँच गया। सत्यम कम्प्यूटर, रैनबैक्सी लैब, टाटा पॉवर और आईटीसी लिमिटेड के शेयर सेंसेक्स के फायदे वाले अन्य शेयर थे।
|