रियलटी, बैंकिंग और कैपीटल गुड्स कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहने से देश के शेयर बाजारों में पिछले तीन कारोबारी दिवसों से चली आ रही तेजी को आज ब्रेक लगा।
बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 185 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 45 अंक टूट गए। कारोबार की शुरुआत में बाजार मजबूत लग रहा था, किंतु दोपहर के बाद के सत्र में निरंतर मंदे के दबाव में रहा।
बाजार सूत्रों के मुताबिक चालू माह के लिए वायदा एवं निपटान सत्र की कल समाप्ति को देखते हुए सौदे पूरे हो जाने के बाद बिकवाली का दबाव देखा गया। एशियाई शेयर बाजारों से भी कोई उत्साहवर्द्धक समाचार नहीं थे। कच्चा तेल मजबूत था और गुरुवार को जारी होने वाले महँगाई के आँकड़ों को लेकर भी चिंता थी।
सत्र की शुरुआत में सेंसेक्स मंगलवार के 14482.22 अंक की तुलना में करीब 80 अंक ऊपर 14563.10 अंक पर खुला और यही सत्र का अधिकतम स्तर भी था। इसकी तुलना में सूचकांक 300 अंक गिरकर नीचे में 14261.69 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 185.43 अंक अर्थात 1.28 प्रतिशत के नुकसान से 14296.79 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप में क्रमश 58.34 तथा 52.71 अंक का नुकसान हुआ। अन्य सूचकांकों में रियलटी वर्ग का 175.65 अंक, बैंकेक्स 147.09 अंक, कैपीटल गुड्स 138.54 अंक तथा आयल ऐंड गैस में 112.74 अंक निकले।
इसके अलावा बीएसई के अन्य सूचकांकों में भी गिरावट रही। एनएसई का निफ्टी पहले के 4337.50 अंक के मुकाबले 4336.85 अंक पर खुला और ऊँचे में 4364.25 अंक तथा नीचे में 4282.65 अंक तक गिरने के बाद कुल 45.40 अंक अर्थात 1.05 प्रतिशत के नुकसान से 4292.10 अंक रह गया।
एनएसई मिडकैप 0.83 प्रतिशत और जूनियर 0.96 प्रतिशत नीचे बंद हुए। एशियाई शेयर बाजारों में हांगकांग का हैंगसैंग 1.9 प्रतिशत ऊपर रहा, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और जापान का निक्केई नीचे रहे।
बीएसई में कारोबार के दौरान कुल 2707 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें से आधे से अधिक 58.44 प्रतिशत अर्थात 1582 के शेयर नीचे और 37.86 प्रतिशत अर्थात 1025 कंपनियों के शेयर फायदे में रहे, जबकि 100 में स्थिरता रही। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में 25 घाटे और पाँच के शेयर फायदे में थे।
रियलटी क्षेत्र में मंदी की चर्चाओं के बीच इस वर्ग की अग्रणी कंपनी डीएलएफ लिमिटेड का शेयर सेंसेक्स से जुड़ी 30 कंपनियों में सर्वाधिक नुकसान में रहा। कंपनी का शेयर 3.99 प्रतिशत अर्थात 19.85 रुपए के नुकसान से सत्र की समाप्ति पर 478.20 रुपए पर बंद हुआ।
रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर में 965.75 रुपए पर 3.65 प्रतिशत अर्थात 36.55 रुपए निकल गए। एसबीआई का शेयर 2.96 प्रतिशत अथवा 40.55 रुपए के घाटे से 1330.90 रुपए पर बंद हुआ।
आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, भेल, रिलायंस कम्युनिकेशंस, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस लिमिटेड, टाटा पॉवर, एलएंडटी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, रैनबैक्सी लैब, ओएनजीसी, मारुति सुजूकी, आईटीसी लिमिटेड, विप्रो, भारती एयरटेल और एनटीपीसी सेंसेक्स के घाटे वाले पहले 20 शेयरों में शामिल थे।
सेंसेक्स के फायदे वाली श्रेणी में धातु कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर को सर्वाधिक 2.06 प्रतिशत की बढ़त मिली। कंपनी का शेयर 2.80 रुपए के फायदे से 138.50 रुपए पर बंद हुआ। इस्पात कंपनी टाटा स्टील का शेयर 0.67 प्रतिशत अर्थात 3.85 रुपए के लाभ से 581.40 रुपए पर पहुँच गया। इन्फोसिस टेक्नोलॉजीस, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा और ग्रासिम इंडस्ट्रीज के शेयर सेंसेक्स के फायदे वाले अन्य शेयर थे।
|