मुख पृष्ठ > खबर-संसार > शेयर बाजार > समाचार > सेंसेक्स 32 अंक चढ़ा
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
सेंसेक्स 32 अंक चढ़ा
बाजारों में हल्की तेजी
विश्वभर के शेयर बाजारों से मंदे समाचारों के बावजूद वायदा एवं विकल्प कारोबार के निपटान के नजदीक रहने से बैंक, ऑटोमोबाइल, आईटी और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों को मिले समर्थन से देश के शेयर बाजारों में आज लगातार तीसरे दिन तेजी का रुख रहा।

बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 32 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 2 अंक ऊपर बंद हुआ। चालू माह के वायदा एवं विकल्प कारोबार का गुरुवार को निपटान होना है। इसे देखते हुए शॉर्ट कवरिंग को पूरा करने के लिए खरीदारी रही। हालाँकि विश्व के शेयर बाजारों से अच्छे समाचार नहीं थे।

अमेरि‍का में कल शेयर बाजारों में तगड़ी गिरावट थी और आज एशियाई शेयर बाजारों में भी यह सिलसिला जारी रहा। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट 2.6 प्रतिशत, जापान का निक्केई करीब 1 प्रतिशत और हाँगकाँग का हैंगसैंग भी गिरावट में रहा। ब्रिटेन के शेयर बाजार भी नीचे नजर आए।

देश के शेयर बाजार दबाव में खुले और अधिकांश समय यह स्थिति बनी रही। कारोबार के अंतिम घंटे में लिवाली का समर्थन मिलने से बाजार ऊँचा रहा। सेंसेक्स प्रारंभ में कल के 14450.35 अंक की तुलना में 14338.27 अंक पर खुला और ऊँचे में 14495.27 अंक तथा नीचे में 14286.38 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 31.87 अंक अर्थात 0.22 प्रतिशत लाभ से 14482.22 अंक पर बंद हुआ। मिडकैप में 3.56 अंक का लाभ रहा, जबकि स्मॉलकैप 9.63 अंक नीचे आया।

बीएसई के अन्य वर्गों में बैंकेक्स में 116.82 अंक की बढ़त रही। ऑटोमोबाईल 50.64 अंक, आईटी 33.05 और एफएमसीजी 15.72 अंक ऊपर रहे। धातु सूचकांक 61.29 अंक नीचे आया। रियलटी और ऑयल गैस में क्रमश: 30.83 तथा 116.85 अंक का नुकसान हुआ।

एनएसई का निफ्टी 0.05 प्रतिशत अर्थात 2.15 अंक की मामूली बढ़त से 4337.50 अंक पर बंद हुआ। इसके मिडकैप में 0.14 प्रतिशत का नुकसान जूनियर में 0.29 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

बीएसई में सत्र के दौरान 2692 कंपनियों के शेयरों में लेनदेन हुआ। इसमें से आधे से अधिक 51.60 प्रतिशत अर्थात 1389 कंपनियों के शेयर घाटे में रहे, जबकि 44.54 प्रतिशत अथवा 1199 में लाभ और 104 में स्थिरता रही। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में 20 फायदे और 10 घाटे में थी।

सेंसेक्स में लाभ वाली सूची में सर्वाधिक बढ़त एचडीएफसी बैंक के शेयर में 3.92 प्रतिशत रही। कंपनी का शेयर 47.35 रुपए बढ़कर 1255.45 रुपए पर पहुँच गया।

डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर पड़ने को देखते हुए आई कंपनियों के शेयर भी फायदे में थे। सत्यम कंप्यूटर और विप्रो के शेयरों में क्रमश: 3.25 तथा 2.14 प्रतिशत का फायदा हुआ। टीसीएस 1.77 प्रतिशत लाभ में रहा।

रिलायंस इन्फ्रा, आईसीआईसीआई बैंक, हिन्दुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड, रैनबैक्सी लैब, मारुति सुजूकी, आईटीसी, एसबीआई, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एसीसी लिमिटेड, टाटा पॉवर, एनटीपीसी, डीएलएफ, एलऐंडटी और ओएनजीसी सेंसेक्स के फायदे वाले अन्य शेयर थे। नुकसान वाली श्रेणी में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सर्वाधिक 2.30 प्रतिशत घाटे में रहा।

इसमें 2179.65 रुपए पर 51.30 रुपए निकल गए। जयप्रकाश एसोसिएट्स में 156.85 रुपए पर 1.85 प्रतिशत अर्थात 2.95 रुपए निकल गए।
टाटा स्टील, एचडीएफसी, रिलायंस कम्युनीकेशंस, स्टरलाईट इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, इन्फोसिस टेक्‍नोलॉजीस, टाटा मोटर्स और ग्रासिम इंडस्ट्रीज में भी नुकसान हुआ।
और भी
सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली बढ़त
शेयर बाजारों में नहीं बढ़ेगी निवेश सीमा
तकनीकी चौकसी
बीएसई में शामिल होंगे विदेशी प्रतिनिधि
तेजी लौटी, सेंसेक्स 158 अंक चढ़ा
सेंसेक्स ने लगाया 435 अंक का गोता