कच्चे तेल के फिर से मजबूत होने और महँगाई की चिंता के बीच देश के शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी दिवस में शेयरों का टूटना जारी रहा।
धातु, ऑइल एंड गैस ऑटो, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल क्षेत्र के शेयरों में गिरावट से बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 79 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 36.75 अंक टूट गया।
कच्चे तेल के दाम पिछले सप्ताह 112 डॉलर प्रति बैरल से नीचे गिरने के बाद आज फिर बढ़कर 115 डॉलर प्रति बैरल बोले गए। एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। कोई सकारात्मक खबर नहीं रहने के कारण तीन दिन के बाद खुला बाजार बिकवाली के दबाव में अधिक देखा गया।
हालाँकि सत्र के दौरान बाजार में बहुत अधिक उठापटक नहीं देखी गई। सेंसेक्स सत्र की शुरुआत में गुरुवार के 14724.18 अंक की तुलना में 14681.14 अंक पर खुला और ऊँचे में 14824.92 तथा नीचे में 14600.65 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 78.52 अंक अर्थात 0.53 प्रतिशत के नुकसान से 14645.66 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई के मझौली और लघु कंपनियों के सूचकांकों में क्रमशः 41.62 तथा 73.83 अंक की गिरावट दर्ज की गई। एनएसई का निफ्टी 36.75 गिरकर 4393.95 अंक रह गया। निफ्टी मिडकैप 28.50 तथा जूनियर 75 अंक गिरे।
बीएसई के धातु और ऑइल एंड गैस के सूचकांकों में क्रमशः 229.73 तथा 200.44 अंक का नुकसान हुआ। ऑटोमोबाइल 50.39 कंज्यूमर ड्यूरेबल 43.61 तथा एफएमसीजी 15.38 अंक नीचे आए। रुपए में फिर से मजबूती को देखते आईटी सूचकांक 29.42 अंक ऊँचा रहा।
एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक अर्थव्यवस्था में मंदी की चिंता में 5.3 प्रतिशत की जोरदार गिरावट के बाद 20 माह के न्यूनतम स्तर पर आ गया। हांगकांग का हैंगसैंग 1.1 प्रतिशत नीचा रहा। जापान का निक्केई 1.1 प्रतिशत ऊँचा बंद हुआ। ब्रिटेन के शेयर बाजार दबाव में खुले।
सत्र में बीएसई में 2676 कंपनियों के शेयरों में सौदे हुए। इसमें 62.14 प्रतिशत अर्थात 1663 कंपनियों के शेयरों में नुकसान 34.87 प्रतिशत यानी 933 में फायदा और 80 में स्थिरता थी। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में नफा-नुकसान का आँकड़ा क्रमशः नौ और 21 का रहा।
सेंसेक्स में सर्वाधिक घाटा हिंडाल्को के शेयर में 4.53 प्रतिशत रहा। कंपनी का शेयर 6.15 रुपए के नुकसान से 129.65 रुपए रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 2224.95 रुपए पर 2.21 प्रतिशत अर्थात 50.35 रुपए निकल गए।
ग्रासिम इंडस्ट्रीज, रिलायंस कम्युनिकेशंस, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, एसीसी लिमिटेड, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, जयप्रकाश एसोसिएट्स, आईटीसी लिमिटेड, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, टाटा पॉवर, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर, रैनबैक्सी लैब, आईसीआईसीआई बैंक, भेल, एनटीपीसी और डीएलएफ नुकसान वाले पहले बीस कंपनियों के शेयर में थे।
फायदे वाली श्रेणी में एचडीएफसी का शेयर 3.12 प्रतिशत अर्थात 71.40 रुपए के उछाल से 2359.75 रुपए पर पहुँच गया। एचडीएफसी बैंक के शेयर में 1200.40 रुपए पर 2.14 प्रतिशत पर 25.20 रुपए ऊँचा रहा। सत्यम कम्प्यूटर, एलएंडटी, टीसीएस, हिन्दुस्तान लीवर, इन्फोसिस टेकनोलॉजी, विप्रो लिमिटेड और ओएनजीसी फायदे वाली सूची में थे।
|