मुख पृष्ठ > खबर-संसार > शेयर बाजार > समाचार > सेंसेक्स में 119 अंक की गिरावट
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
सेंसेक्स में 119 अंक की गिरावट
विश्व के शेयर बाजारों से मंदी की खबरों के बीच यहाँ रियलिटी, बैंकिंग और कैपिटल गुड्स कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहने से लगातार दूसरे दिन गिरावट का रुख रहा। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 119 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 23 अंक और टूट गए।

अमेरिका में वित्तीय कंपनियों की खस्ता स्थिति को देखते हुए डाओ जोंस में मंगलवार को करीब 140 अंक का नुकसान हुआ। एशियाई शेयर बाजारों में इसका असर दिखा। बीएसई का सेंसेक्स और निफ्टी सत्र की शुरुआत से ही गिरावट के रुख में रहे। हालाँकि सत्र के दौरान छिटपुट लिवाली से बाजार को राहत मिलती नजर आई, किंतु फिर बिकवाली से गिरावट का रुख बन गया।

सेंसेक्स सत्र के शुरू में कल के 15212.13 अंक की तुलना में 15030.21 अंक पर नीचा खुला और ऊपर में 15272.56 तथा नीचे में 15013.06 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर 119.01 अंक अर्थात 0.78 प्रतिशत के नुकसान से 15093.12 अंक पर बंद हुआ। बीएसई के मिडकैप में 6.16 अंक की मामूली गिरावट रही, जबकि स्मालकैप 9.35 अंक ऊँचा रहा।

निफ्टी सत्र की शुरुआत में कल के 4552.25 अंक की तुलना में 4548.05 अंक पर नीचा खुला और ऊपर में 4572.65 तथा नीचे में 4497.25 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर 0.51 प्रतिशत अर्थात 23.20 अंक के घाटे से 4529.05 अंक पर बंद हुआ। इसके मिडकैप और जूनियन में क्रमशः 0.78 तथा 0.98 प्रतिशत का घाटा हुआ। एशियाई शेयर बाजारों में जापान का निक्केई 2.1 प्रतिशत तथा चीन का शंघाई का कम्पोजिट 3.52 प्रतिशत नीचे रहे।

कारोबार में 2749 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। सेंसेक्स में गिरावट के बावजूद स्मालकैप कंपनियों को मिले समर्थन से बीएसई का रुख सकारात्मक रहा। कुल 2749 कंपनियों में कामकाज हुआ। इसमें से 51.66 प्रतिशत अर्थात 1420 कंपनियों के शेयर फायदे में रहे, जबकि 45.03 प्रतिशत अर्थात 1238 में नुकसान और 91 में स्थिरता थी। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में नौ लाभ तथा 21 नीचे रहे।

सेंसेक्स की नुकसान वाली श्रेणी में सर्वाधिक घाटा आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में रहा। इसका शेयर 3.77 प्रतिशत अर्थात 27.85 रुपए के नुकसान से 710.35 रुपए रह गया। एचडीएफसी बैंक के शेयर में 1217.30 रुपए पर 3.69 प्रतिशत अर्थात 46.70 रुपए निकले।

डीएलएफ, रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर, एचडीएफसी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, टाटा पॉवर, रिलायंस कम्युनिकेशंस, मारुति सुजुकी, भेल, जयप्रकाश एसोसिएट्स, टाटा मोटर्स, आईटीसी, ओएनजीसी, रैनबैक्सी लैब, भारती एयरटेल, एसबीआई, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा और एसीसी के शेयर सेंसेक्स के घाटे वाले पहले बीस शेयरों में शामिल थे।

फायदे वाली सूची में स्टरलाइट इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे अधिक लाभ वाला रहा। इसमें 613 रुपए पर 2.67 प्रतिशत अर्थात 15.95 रुपए का सुधार हुआ। इन्फोसिस टेक्नोलॉजीस टीसीएस लिमिटेड, सत्यम कम्प्यूटर, एनटीपीसी, टाटा स्टील, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और विप्रो भी फायदे में रहे।
और भी
मुनाफा वसूली से शेयर बाजार गिरे
बीएसई का बाजार पूँजीकरण 50 लाख करोड़
सेंसेक्स ने लगाया तिहरा शतक
तकनीकी चौकसी
सेंसेक्स में 51 अंक का इजाफा
बाजार में हलकी तेजी, सेंसेक्स 44 अंक चढ़ा