तेल, कैपीटल गुड्स, बैंकिंग और रियलिटी कंपनियों के शेयरों को मिले जोरदार समर्थन से देश के शेयर बाजारों ने आज लगातार पाँचवें कारोबारी दिवस में अपनी उड़ान को जारी रखा। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) के सेंसेक्स ने तेजी का तिहरा शतक जड़ा तो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने 91 अंक की दौड़ लगाई।
शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार और आज एशियाई बाजारों में उछाल को देखते हुए सत्र की शुरुआत से ही यहाँ भी अच्छी तेजी का रुख था, जो सीमित उठापटक के बीच अंत तक बना रहा। कच्चे तेल की कीमतों में शुक्रवार के तीन माह के निम्नस्तर की तुलना में हलकी बढ़त देखने को मिली, किंतु इसका बाजार पर कोई असर देखने को नहीं मिला।
सेंसेक्स शुक्रवार के 15167.82 अंक की तुलना में 263 अंक की जोरदार बढ़त के साथ 15430.31 अंक पर खुला और नीचे में 15367.97 अंक तथा ऊपर में 15520.71 अंक तक चढ़ने के बाद समाप्ति पर कुल 336.10 अंक अर्थात 2.22 प्रतिशत की बढ़त से 15503.92 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप ने भी क्रमश: 95.71 तथा 89.61 अंक की छलाँग लगाई। अन्य वर्गों के सूचकांकों में रियलिटी 290.49 अंक, बैंकेक्स 307.32 अंक, ऑइल एंड गैस 298.17 अंक तथा कैपीटल गुड्स का 280.57 अंक बढ़ा। सूचना प्रौद्योगिकी और कंज्यूमर ड्यूरेबल के सूचकांक में हलकी गिरावट देखी गई।
एनएसई का निफ्टी 4529.50 अंक की तुलना में 4529.35 अंक पर खुला और यही सत्र का निम्नतम स्तर भी रहा। इस दौरान ऊँचे में 4625.20 अंक तक चढ़ने के बाद समाप्ति पर कुल दो प्रतिशत अर्थात 91 अंक बढ़कर 4620.15 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का मिडकैप 501.87 प्रतिशत और जूनियर 2.49 प्रतिशत ऊँचे रहे।
एशियाई शेयर बाजारों में हांगकांग का हैंगसैंग मामूली नीचा रहा, जबकि जापान का निक्केई दो प्रतिशत बढ़ गया। चीन के शंघाई कम्पोजिट सूचकांक में 4.47 प्रतिशत की तीव्र गिरावट दर्ज की गई। ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के शेयर बाजार मजबूत नजर आ रहे थे।
सत्र के दौरान बीएसई में कुल 2776 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें से 62.07 प्रतिशत अर्थात 1723 कंपनियों के शेयरों में लाभ रहा, जबकि 35.48 प्रतिशत 985 के शेयर नीचे आए। मात्र 68 कंपनियों के शेयरों में कोई घटबढ़ नहीं हुई। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 25 फायदे और पाँच नुकसान में रहीं।
सेंसेक्स की लाभ पाने वाली पहली बीस कंपनियों की सूची में जयप्रकाश एसोसिएट्स के शेयर में 7.68 प्रतिशत की जोरदार बढ़त दर्ज की गई। कंपनी का शेयर 14.10 रुपए बढ़कर 197.60 रुपए पर पहुँच गया। रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर का शेयर 6.86 प्रतिशत अर्थात 70.75 रुपए की बढ़त से 1102.40 रुपए पर पहुँच गया। आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में 770.75 रुपए पर 5.74 प्रतिशत अर्थात 41.85 रुपए का फायदा हुआ।
देश की अग्रणी यात्री कार कंपनी मारुति सुजूकी के शेयर में 715.50 रुपए पर 5.27 प्रतिशत अर्थात 35.85 रुपए का लाभ दर्ज किया गया। अग्रणी वाणिज्यिक बैंक एसबीआई के शेयर ने 1592.60 रुपए पर 4.65 प्रतिशत अर्थात 70.75 रुपए की छलाँग भरी।
ओएनजीसी, रिलायंस कम्युनिकेशंस, डीएलएफ लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, भेल, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, टाटा पॉवर, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, हिन्दुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड, आईटीसी लिमिटेड, विप्रो और रैनबैक्सी के शेयर सेंसेक्स के लाभ वाली पहली बीस कंपनियों के शेयरों में शामिल थे।
नुकसान वाली श्रेणी में स्टरलाइट इंडस्ट्रीज के शेयर में सर्वाधिक 2.24 प्रतिशत अर्थात 14.30 रुपए का नुकसान हुआ। कंपनी का शेयर घटकर 624.90 रुपए रह गया। टीसीएस लिमिटेड के शेयर में 833.60 रुपए पर 1.06 प्रतिशत अर्थात 8.95 रुपए निकल गए। टाटा स्टील, इन्फोसिस टेक्नोलॉजी और हिंडाल्को के शेयर सेंसेक्स के नुकसान वाले अन्य शेयर थे।
|