मुख पृष्ठ > खबर-संसार > शेयर बाजार > समाचार > बाजार में हलकी तेजी, सेंसेक्स 44 अंक चढ़ा
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
बाजार में हलकी तेजी, सेंसेक्स 44 अंक चढ़ा
महँगाई के आँकड़े जारी होने से पहले सीमित उतार-चढ़ाव वाले कारोबार के दौरान देश के शेयर बाजारों में बुधवार को हल्की बढ़त दर्ज की गई। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 44 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी छह अंक ऊपर बंद हुए।

बुधवार को 46 दिन के बाद फिर से 15 हजार अंक से ऊपर बंद हुआ सेंसेक्स आज कारोबार की शुरुआत में हल्के दबाव में दिखा, किंतु कामकाज में सीमित उठापटक के बाद तेजी बनाए रखने में सफल रहा।

कच्चे तेल के दाम कल गिरकर 118 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गए थे। आज इनमें हल्की मजबूती देखने को मिली। उधर, महँगाई के 26 जुलाई के आँकड़े जारी होना हैं। इन आँकड़ों में महँगाई के 12 प्रतिशत से ऊपर निकल जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।

सेंसेक्स सत्र की शुरुआत में कल के 15073.54 अंक की तुलना में 15031.86 अंक पर 42 अंक नीचा खुला और जल्द ही घटकर 15 हजार से नीचे 14992.97 अंक चला गया। इस स्तर पर लिवाली मिलने से सेंसेक्स ऊँचे में 15280.06 अंक तक चढ़ने के बाद समाप्ति पर कुल 43.71 अंक अर्थात 0.29 प्रतिशत की बढ़त से 15117.25 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के साथ ही बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप में क्रमशः 26.18 अंक तथा 22.86 अंक की बढ़त रही। अन्य सूचकांकों में रियलिटी, बैंकेक्स, ऑटो, कंज्यूमर, ड्यूरेबल और एफएमसीजी में हल्की तेजी रही, जबकि ऑइल एंड गैस, पॉवर और कैपिटल गुड्स के सूचकांक टूटे।

एनएसई का निफ्टी 6.30 अंक अर्थात 0.14 प्रतिशत बढ़कर 4523.85 अंक पर बंद हुआ। सत्र की शुरुआत में यह 4515.25 अंक पर खुला और ऊपर में 4580.15 तथा नीचे 4493.70 अंक तक गिरा। एनएसई के मिडकैप और जूनियर में क्रमशः 0.65 तथा 0.31 प्रतिशत की तेजी आई।

एशियाई शेयर बाजारों में हांगकांग का हैंगसैंग 0.7 प्रतिशत और चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.3 प्रतिशत की मामूली बढ़त में रहे। जापान का निक्केई मामूली नीचा रहा। यूरोप के शेयर बाजार ऊँचे थे।

कारोबार के दौरान बीएसई में कुल 2785 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें से 50.84 प्रतिशत अर्थात 1416 के शेयर फायदे, जबकि 45.78 प्रतिशत अथवा 1275 के नुकसान में बंद हुए। मात्र 94 कंपनियों के शेयरों में कोई उठापटक नहीं रही।

सेंसेक्स के फायदे वाले शेयरों में सर्वाधिक बढ़त स्टरलाइट इंडस्ट्रीज के शेयर में 4.43 प्रतिशत रही। कंपनी का शेयर 26.05 रुपए के लाभ से 614 रुपए पर पहुँच गया। टाटा मोटर्स लगातार दूसरे दिन अच्छी तेजी में दिखा। इसमें 444.20 रुपए पर 17.50 रुपए अर्थात 4.10 प्रतिशत का फायदा रहा।

एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, मारुति सुजूकी, सत्यम कम्प्यूटर, डीएलएफ लिमिटेड, एनटीपीसी लिमिटेड, इन्फोसिस टेक्नोलॉजी, रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर, जयप्रकाश एसोसिएट्स, आईटीसी लिमिटेड, ओएनजीसी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एसीसी लिमिटेड और एसबीआई के शेयर सेंसेक्स के अन्य फायदे वाले शेयर थे।

सार्वजनिक उपक्रम भेल के शेयर को सबसे अधिक 2.88 प्रतिशत का नुकसान हुआ। कंपनी का शेयर 52.60 रुपए घटकर 1774.65 रुपए रह गया। भारती एयरटेल, रिलायंस कम्युनिकेशंस, रैनबैक्सी लैबोरेट्रीज, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, विप्रो लिमिटेड, टाटा पॉवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस लिमिटेड, टाटा स्टील और एलएंडटी के शेयरों में भी नुकसान दर्ज किया गया।
और भी
गुरुवार को कैसा रहेगा बाजार
सेंसेक्स का सैकड़ा, 15 हजार से ऊपर
सेंसेक्स ने लगाया तिहरा शतक
सेंसेक्स ने लगाया 79 अंक का गोता
तकनीकी चौकसी
सेंसेक्स ने लगाया तिहरा शतक