मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > शेयर बाजार > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
शेयर बाजार की लंबी छलाँग  Search similar articles
सेंसेक्स 838 और निफ्टी 237 अंक उछला
केन्द्र की संप्रग सरकार के विश्वास मत हासिल कर लेने के बाद राजनीतिक अनिश्चितता के खत्म होने के साथ ही आर्थिक सुधारों की दिशा में कदम बढ़ाए जाने की उम्मीद, कच्चे तेल के उफान के शांत होने और विदेशी शेयर बाजारों की तेजी के सहारे बुधवार को बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) के सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने जोरदार उड़ान भरी।

सेंसेक्स 838 अंक की छलाँग के साथ 15 हजार अंक के निकट पहुँच गया। निफ्टी 237 अंक बढ़कर 4500 अंक की तरफ बढ़ता नजर आया।

बाजार विशलेषकों का कहना है कि संप्रग सरकार के विश्वासमत हासिल कर लेने के बाद पिछले चार साल से लगभग थम गए आर्थिक सुधारों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में अब कदम उठाने की संभावनाएँ बढ़ी हैं। बीमा, पेंशन और बैंकिंग क्षेत्र में आर्थिक सुधारों के क्षेत्र में आगे बढ़ने से विदेशी निवेशकों को फिर से आकर्षित करने की संभावनाएँ बढ़ी हैं।

उधर कच्चे तेल के उफान के शांत होने ने भी शेयर बाजारों की मजबूती में योगदान किया है। बाजार विश्‍लेषकों का कहना है कि कच्चे तेल के दामों में उतार से महँगाई को काबू करने में भी सरकार को मदद मिलेगी। विदेशी शेयर बाजारों की मजबूती भी यहाँ मददगार रही।

सत्र की शुरुआत से ही सेंसेक्स मजबूत लग रहा था और इसके बाद वह पूरे कारोबार के दौरान पीछे नहीं मुड़ा। प्रारंभ में कल के 14104.20 अंक की तुलना में 14568.22 अंक पर खुला सेंसेक्स पूरे कारोबार के दौरान इससे नीचे नहीं आया और ऊँचे में 14979.90 अंक तक चढ़ने के बाद समाप्ति पर कुल 838.08 अंक अर्थात 5.94 प्रतिशत बढ़कर 14942.28 अंक पर बंद हुआस पिछले पाँच कारोबारी दिवसों में सेंसेक्स 2300 अंक से अधिक बढ़ चुका है।

एनएसई का निफ्टी 236.70 अंक अर्थात 5.58 प्रतिशत बढ़कर 4476.80 अंक पर पहुँच गया। बीएसई के सभी वर्गों के सूचकांकों में जोरदार बढ़त रही। मिडकैप और स्मालकैप के सूचकांक 269.51 तथा 276.22 अंक बढ़कर क्रमश: 5615.94 तथा 6812.64 अंक पर बंद हुए। इनमें क्रमश: 5.05 तथा 4.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अन्य सूचकांकों में कैपीटल गुड्स का सूचकांक आर्थिक सुधारों के आगे बढ़ने की उम्मीदों में 933.47 अंक अर्थात 8.18 प्रतिशत बढ़कर 12339.77 अंक पर बंद हुआ। बैंकेक्स सूचकांक 7291.50 अंक पर 9.99 प्रतिशत अर्थात 662.52 अंक ऊँचा रहा। धातु सूचकांक ने 838.07 अंक की छलाँग लगाई। रियलिटी, आइल एंड गैस, पॉवर, कंज्यूमर ड्‍यूरेबल और ऑटोमोबाइल सूचकांक भी जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए।

कारोबार के दौरान बीएसई में कुल 2759 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें से 82.28 प्रतिशत अर्थात 2270 कंपनियों के शेयरों में तेजी तथा 15.80 प्रतिशत यानी 436 कंपनियों के शेयर नीचे आए। मात्र 53 कंपनियों के शेयरों में कोई उठापटक नहीं दिखी। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 28 के शेयर लाभ में तथा दो घाटे में रहे।

सेंसेक्स से जुड़ी 30 कंपनियों में सर्वाधिक बढ़त रिलायंस कम्युनिकेशंस के शेयर में रही। कंपनी का शेयर 12.20 प्रतिशत अर्थात 57.10 रुपए की छलांग के साथ 525.25 रुपए पर पहुँच गया। आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में 738.25 रुपए पर 11.64 प्रतिशत अर्थात 76.95 रुपए का फायदा हुआ।

इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एलएंडटी के शेयर में 2766.65 रुपए पर 7.58 प्रतिशत अर्थात 194.90 रुपए की बढ़त रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 111.20 रुपए अर्थात 5.16 प्रतिशत बढ़कर 2265.50 रुपए पर पहुँच गया।

भेल, एचडीएफसी, एसबीआई. रिलायंस इन्फ्रा, एचडीएफसी बैंक, डीएलएफ, जयप्रकाश एसोसिएट्स, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, एसीसी, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, अम्बुजा सीमेंट, विप्रो लिमिटेड, मारुति सुजुकी और हिंडाल्को के शेयर सेंसेक्स के फायदे वाले पहले 20 कंपनियों के शेयरों में शामिल थे।

नुकसान वाले दो शेयरों में सिप्ला लिमिटेड का शेयर 2.21 प्रतिशत अर्थात 5.25 रुपए गिरकर 232.50 रुपए रह गया। हिन्दुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड का शेयर डेढ़ रुपए गिरकर 231.05 रुपए पर बंद हुआ।
और भी
दलाल स्ट्रीट में भी सिंह इज किंग
सेंसेक्स ने लगाया दोहरा शतक
सेंसेक्स ने लगाई 215 अंक की छलाँग
बढ़त पर बेचना ही बेहतर
सोमवार को बाजार में सुधार की उम्मीद
सेंसेक्स में 524 अंक का उछाल