लोकसभा में विश्वास मत पर चल रही बहस के नतीजे से बेफ्रिक देश के शेयर बाजारों ने धातु, कैपीटल गुड्स, पॉवर, एफएमसीजी और सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों को मिले समर्थन से लगातार चौथे कारोबारी दिवस में लंबी उड़ान भरी।
बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 254 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी तेजी की सेंचुरी के साथ बंद हुए। बाजार सूत्रों का कहना है कि कारोबारियों का मानना है कि विश्वास मत का परिणाम सरकार के पक्ष में होगा।
उधर कच्चे तेल के दामों में हालाँकि हलकी बढ़त बनी हुई है किंतु इसका असर भी बाजार पर नहीं देखा गया। एशियाई शेयर बाजारों की मजबूती का यहाँ भी असर देखा गया।
हालाँकि सत्र की शुरूआत में सेंसेक्स सोमवार के 13850.04 अंक की तुलना में 13837.64 अंक पर मामूली नीचा खुला और कारोबार के दौरान इसमें अच्छी उठापटक देखी गई।
सेंसेक्स सत्र में ऊपर में 14206.13 अंक तथा नीचे में 13798.18 अंक तक टूटने के बाद समाप्ति पर कुल 254.16 अंक अर्थात 1.84 प्रतिशत की बढ़त से 14104.20 अंक पर पहुँच गया। पिछले चार कारोबारी दिवसों में सेंसेक्स 1500 अंक से अधिक बढ़ चुका है।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप के सूचकांकों में क्रमश: 89.04 तथा 98.44 अंक की बढ़त दर्ज की गई। यह क्रमश: 5346.03 अंक तथा 6536.42 अंक पर बंद हुए।
अन्य वर्गों के सूचकांकों में धातु सूचकांक ने 466.21 अंक की उड़ान भरी। कैपीटल गुड्स 343.44 अंक, बैंकेक्स 200.37 अंक और पावर सूचकांक में 103.44 अंक की बढ़त रही। ऑटो वर्ग का सूचकांक मारुति सुजुकी के परिणामों में शुद्ध लाभ घटने के समाचारों से 35.10 अंक नीचे आया।
एनएसई का निफ्टी 101.25 अंक अर्थात 2.43 प्रतिशत बढ़कर 4260.75 अंक पर पहुँच गया। सत्र की शुरूआत में सोमवार के 4159.50 अंक की तुलना में एक अंक नीचा खुला निफ्टी सत्र में ऊँचे में 4262.45 अंक तथा नीचे 4137.95 अंक तक आया।
इसके मिडकैप 50 और निफ्टी जूनियर में क्रमश: 2.20 तथा 3.38 प्रतिशत अंक का इजाफा हुआ। एशियाई शेयर बाजारों में जापान का निक्केई तीन प्रतिशत, पाकिस्तान का कराची शेयर बाजार का सूचकांक चार प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसैंग 0.53 प्रतिशत ऊँचे रहे।
हांगकांग का हैंगसैंग स्थिर दिखा। ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजारों में गिरावट देखी गई। बीएसई में सत्र के दौरान कुल 2657 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें से आधे से अधिक 69.40 प्रतिशत अर्थात 1844 कंपनियों के शेयर बढे़, जबकि 741 अर्थात 27.89 प्रतिशत में नुकसान और 72 में स्थिरता रही।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में 24 के शेयर लाभ तथा पाँच नुकसान में रहे और एक कंपनी का शेयर स्थिर रहा। सेंसेक्स से जुड़ी लाभ वाली पहली 20 कंपनियों में रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर में सर्वाधिक 6.83 प्रतिशत का फायदा हुआ।
कंपनी का शेयर 58.80 रुपए की छलाँग से 919.30 रुपए पर पहुँच गया। भेल का शेयर अच्छे नतीजों के बल पर 6.04 प्रतिशत अर्थात 91.05 रुपए बढ़कर 1597.50 रुपए पर बंद हुआ।
आईटीसी का शेयर छह रुपए अर्थात पौने 11 रुपए की बढ़त से 189.90 रुपए पर पहुँच गया। विप्रो लिमिटेड में 394.75 रुपए पर 5.93 प्रतिशत अर्थात 22.10 रुपए का फायदा रहा।
एसीसी लिमिटेड, सिप्ला, रिलायंस कम्युनिकेशंस, टाटा स्टील, एसबीआई, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस लिमिटेड, एलएंडटी, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, हिन्दुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड, एनटीपीसी लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक और ओएनजीसी के शेयर सेंसेक्स के फायदे वाले पहले बीस शेयरों में शामिल थे।
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में शुद्ध मुनाफे में गिरावट के समाचारों से मारुति सुजुकी का शेयर 9.29 प्रतिशत अर्थात 60.25 रुपए की जोरदार गिरावट से 587.95 रुपए रह गया। जयप्रकाश एसोसिएट्स, भारती एयरटेल, डीएलएफ लिमिटेड तथा टाटा मोटर्स के शेयर सेंसेक्स से जुड़ी कंपनियों के अन्य नुकसान वाले शेयर रहे।
|