परमाणु मुद्दे पर संसद में विश्वास मत पर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के विजयी होने की उम्मीद और एशियाई शेयर बाजारों में तेजी की लहर के बीच देश के शेयर बाजारों ने सोमवार को लगातार तीसरे दिन कारोबारी दिवस में अच्छी बढ़त हासिल की। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 215 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 66 अंक ऊपर बंद हुए।
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का लाभ भी शेयर बाजारों को मिला है। एशियाई शेयर बाजारों में हांगकांग का हैंगसैंग तीन प्रतिशत और चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक भी करीब तीन प्रतिशत ऊँचे बंद हुए। जापान का शेयर बाजार आज बंद था।
बीएसई में सत्र की शुरुआत से ही बाजार मजबूत नजर आ रहा था और अच्छी उठापटक के बावजूद अपनी रफ्तार को बनाए रखने में सफल रहा। विशलेषकों को उम्मीद है कि संसद में सरकार विश्वास मत हासिल कर लेगी। इसके बाद आर्थिक सुधारों की गति आगे बढ़ सकती है।
सेंसेक्स शुक्रवार के 13635.40 अंक की तुलना में करीब डेढ़ सौ अंक ऊपर 13782.13 अंक ऊँचा खुला और ऊँचे में 13878.88 तथा नीचे में 13581.19 अंक तक गिरने के बाद समाप्ति पर कुल 214.64 अंक अर्थात 1.57 प्रतिशत की बढ़त से 13850.04 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में बढ़त के बावजूद मिडकैप सूचकांक 17.91 अंक नीचे रहा, जबकि स्मालकैप 90.67 अंक ऊँचा रहा।
बीएसई के अन्य वर्गों में बैंकेक्स, रियलिटी, धातु, एफएमसीजी, ऑइल एंड गैस और हैल्थ केयर ऊपर रहे, जबकि सूचना प्रौद्योगिकी, कैपिटल गुड्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल वर्ग के सूचकांक नीचे रहे।
एनएसई का निफ्टी 66.30 अंक अर्थात 1.62 प्रतिशत की बढ़त से 4158.55 अंक पर पहुँच गया। इससे पहले सत्र की शुरुआत में सेंसेक्स शुक्रवार के 4092.25 अंक की तुलना में 4092.20 अंक पर खुला और ऊँचे में 4168.15 तथा नीचे में 4072.75 अंक तक आया।
सत्र के दौरान बीएसई में 2615 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। सेंसेक्स में तेजी के बावजूद मिडकैप वर्ग की कंपनियों के शेयरों में गिरावट से बीएसई का रुख नकारात्मक था। कुल 2615 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ। इसमें से 44.47 प्रतिशत अर्थात 1163 के शेयर लाभ में रहे, जबकि 52.31 प्रतिशत अर्थात 1368 में नुकसान हुआ और 84 के शेयर टिके रहे।
सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 24 के शेयर फायदे और छह के नुकसान में रहे। लाभ वाले शेयरों में सर्वाधिक बढ़त सिप्ला लिमिटेड के शेयर में 5.20 प्रतिशत दर्ज की गई। कंपनी का शेयर 11.20 रुपए बढ़कर 226.45 रुपए पर पहुँच गया।
एचडीएफसी बैंक में 1082.95 रुपए पर 4.78 प्रतिशत अर्थात 49.40 रुपए ऊँचा बंद हुआ। रैनबैक्सी लैबोरेट्रीज का शेयर 4.74 प्रतिशत अथवा 20.75 रुपए बढ़कर 458.20 रुपए पर पहुँच गया।
एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजूकी, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, जयप्रकाश एसोसिएट्स, एसबीआई, रिलायंस कम्युनिकेशंस, टीसीएस, विप्रो लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी लिमिटेड, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, डीएलएफ लिमिटेड, ओएनजीसी, टाटा स्टील, इन्फोसिस टेकनोलॉजी व एचडीएफसी के शेयर सेंसेक्स के फायदे के पहले बीस में शमिल थे।
नुकसान वाली श्रेणी में सूचना प्रौद्योगिकी वर्ग की सत्यम कम्प्यूटर का शेयर 4.14 प्रतिशत अर्थात 15.85 रुपए गिरकर 367.10 रुपए रह गया। अम्बूजा सीमेंट में 81 रुपए पर 2.17 प्रतिशत अर्थात 1.80 रुपए का नुकसान हुआ। भेल, एलएंडटी, टाटा मोटर्स व एयरटेल के शेयर सेंसेक्स के घाटे वाले अन्य शेयर थे।
|