कच्चे तेल के पिघलने से देश के शेयर बाजारों ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन लंबी छलाँग लगाई। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 524 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 145 अंक की जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए।
बाजार सूत्रों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में उतार से शेयर बाजारों को खासी मदद मिली है। हालाँकि सूचना प्रौद्योगिकी वर्ग की विप्रो और सत्यम के परिणाम बाजार के माफिक नहीं रहे और इनके शेयरों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। कच्चा तेल पिछले सप्ताह के 147 डालर प्रति बैरल के रिकॉर्ड भाव की तुलना में 17 डॉलर प्रति बैरल तक गिरकर 130 डॉलर प्रति बैरल तक आ गए।
अमेरिका के शेयर बाजारों में पिछले दिनों आई तेजी भी यहाँ शेयर बाजारों की बढ़त में सहायक रही। सत्र की शुरुआत में उठापटक का दौर देखा गया। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स कल के 13111.85 अंक की तुलना में 13234.53 अंक पर मजबूत खुला और कुछ देर बाद इसमें गिरावट देखी गई।
नीचे में 13093.34 अंक तक गिरने के बाद ऊपर में सेंसेक्स 13684.27 अंक तक गया और समाप्ति पर इसकी तुलना में 50 अंक नीचे आया और कुल 523.55 अंक अर्थात 3.99 प्रतिशत की बढ़त से 13635.40 अंक पर बंद हुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांक 84.05 अंक अर्थात 1.63 प्रतिशत तथा 68.77 अंक अथवा 1.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ क्रमशः 5239.39 अंक तथा 6455.89 अंक पर बंद हुए। कल सेंसेक्स ने 536.05 अंक की छलाँग लगाई थी।
एनएसई का निफ्टी 145.05 अंक अर्थात 3.67 प्रतिशत की छलाँग से 4092.25 अंक पर पहुँच गया। सत्र की शुरुआत में कल के 3947.20 अंक के मुकाबले 3962.95 अंक पर खुला निफ्टी ऊँचे में 4110.55 अंक तथा नीचे में 3926.30 अंक तक गिरा। कल निफ्टी 130.50 अंक बढ़ा था। इसके मिडकैप 50 में 2.16 तथा जूनियर में 3.06 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
बीएसई के धातु और सूचना प्रौद्योगिकी के सूचकांक घाटे में रहे। बैंकेक्स, रियलिटी, ऑइल एंड गैस, कैपिटल गुड्स और एफएमसीजी के सूचकांकों में जोरदार तेजी आई। एशियाई शेयर बाजारों में मिलाजुला रुख देखा गया। हांगकांग का हैंगसैंग और चीन के शंघाई कम्पोजिट में बढ़त रही, जबकि जापान का निक्केई नीचे आया
सत्र के दौरान बीएसई में कुल 2685 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें से आधे से अधिक 60.30 प्रतिशत अर्थात 1619 कंपनियों के शेयर बढे़, जबकि 36.28 प्रतिशत अथवा 974 में नुकसान और 92 में कोई घटबढ़ नहीं हुई। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में सात को नुकसान रहा।
अमेरिका के वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों पर छाए संकट के छँटने से यहाँ बैंकिग वर्ग के शेयरों ने जोरदार छलाँग भरी। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 12.05 प्रतिशत अर्थात 66.40 रुपए बढ़कर 617.60 रुपए पर पहुँच गया। एचडीएफसी का शेयर 2067.55 रुपए पर 9.47 प्रतिशत अर्थात 178.85 रुपए ऊँचा रहा। एचडीएफसी बैंक में 1033.55 रुपए पर 7.87 प्रतिशत यानी 75.45 रुपए का लाभ हुआ।
जयप्रकाश एसोसिएट्स, भारती एयरटेल, डीएलएफ लिमिटेड, रिलायंस इन्फ्रा, एसबीआई, भेल, आईटीसी, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, ओएनजीसी, एलएंडटी, रिलायंस कम्युनिकेशन, मारुति सुजूकी, टाटा मोटर्स, टीसीएस, हिंडाल्को और सिप्ला के शेयर सेंसेक्स के फायदे वाले पहले 20 शेयरों में शामिल थे।
आईटी वर्ग की चौथी बड़ी कंपनी सत्यम कम्प्यूटर का शेयर चालू वित्त वर्ष की तिमाही के अच्छे परिणामों के बावजूद आगे के लिए धुँधली तस्वीर पेश करने से बिकवाली के दबाव में रखा। इसमें सेंसेक्स से जुड़ी कंपनियों में प्रतिशत के लिहाज से सबसे अधिक 7.51 प्रतिशत का नुकसान हुआ। कंपनी का शेयर 31.10 रुपए गिरकर 382.95 रुपए रह गया।
तीसरी बड़ी कंपनी का शेयर 365.55 रुपए पर पौने चार प्रतिशत अर्थात सवा चौदह रुपए टूट गया। रैनबैक्सी लैब, टाटा स्टील, इन्फोसिस टेकनोलॉजी, हिन्दुस्तान यूनीलीवर और एसीसी के शेयर सेंसेक्स के नुकसान वाले अन्य शेयर थे।
|