पाँच दिनों तक स्पीड ब्रेकर का सामना करने के बाद बीएसई सेंसेक्स ने गुरुवार को 536 अंकों की छलाँग लगाते हुए 13000 के स्तर को पार कर लिया।
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने और विदेशी शेयर बाजारों में तेजी के रुख से घरेलू शेयर बाजारों में निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
तीस शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत में करीब 334 अंकों की तेजी के साथ खुला और धीरे..धीरे इसने 13 000 अंक के स्तर को पार कर लिया। इस तरह से सेंसेक्स 536.05 अंकों की तेजी के साथ 13 111.85 अंकों पर बंद हुआ।
उधर नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) में भी तेजी का रुख दर्ज किया गया और निफ्टी सूचकांक 130.50 अंकों की तेजी के साथ 3 947.20 अंकों पर बंद हुआ।
भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई में बैंकिंग शेयरों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई और इस क्षेत्र का सूचकांक 6.06 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ।
व्यापारियों का कहना है कि अमेरिका के पाँचवें सबसे बड़े बैंक वेल्स फारगो एंड कंपनी द्वारा दूसरी तिमाही में अनुमान से बेहतर वित्तीय नतीजे पेश किए जाने से बाजार में तरलता की चिंता घट गई जिससे आज घरेलू बाजार में बैंकिंग शेयर आकर्षण का केंद्र रहे।
|