धातु, रियलटी, ऑटोमोबाइल और बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहने से देश के शेयर बाजार बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी दिवस में नुकसान में बंद हुए। बम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 100 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 44 अंक और टूट गए।
अमेरिका में मंगलवार को आई गिरावट के बावजूद यहाँ शेयर बाजार सत्र की शुरुआत में मजबूत खुले और दोपहर के कारोबार तक लिवाली का समर्थन मिलने से चढ़ते रहे, किंतु इसके बाद बाजार नीचे आया और अंत तक इससे उबर नहीं सका। एशियाई शेयर बाजारों से मिले-जुले समाचार थे।
सेंसेक्स सत्र की शुरुआत में कल के 12676.19 अंक की तुलना में 12740.78 अंक पर खुला और इसकी तुलना में करीब 200 अंक की छलाँग के साथ 12935.25 अंक तक चढ़ने के बाद चार सौ अंक से अधिक टूटकर 12514.02 अंक गिरने के उपरांत समाप्ति पर कुल 100.39 अंक अर्थात 0.79 प्रतिशत के नुकसान से 12575.80 अंक पर बंद हुआ। मंगलवार को सेंसेक्स 15 माह के न्यूनतम स्तर पर बंद हुआ था।
बीएसई मिडकैप और स्मालकैप में क्रमश: 75.23 तथा 106.45 अंक का नुकसान हुआ। अन्य वर्गों के सूचकांक में धातु 289.72 अंक टूटा। रियलटी 284.33 अंक, बैंकेक्स 107.76 अंक, आइल एंड गैस 89.31 अंक तथा ऑटोमोबाइल सूचकांक को 82.79 अंक का झटका लगा।
एनएसई का निफ्टी 44.40 अंक अर्थात 1.15 प्रतिशत के नुकसान से 3816.70 अंक रह गया। सत्र की शुरुआत में 3861.55 अंक पर खुला निफ्टी कारोबार में ऊँचे में 3920.05 अंक तथा नीचे में 3790.20 अंक तक गिरा। एनएसई मिडकैप और जूनियर में क्रमश: 2.07 तथा 1.74 प्रतिशत का नुकसान हुआ।
एशिया के बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट 2.7 प्रतिशत टूट गया। हांगकांग का हैंगसैंग 0.2 प्रतिशत और जापान का निक्केई मामूली नीचे आया।
बीएसई में सत्र के दौरान कुल 2690 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ और इसमें से 66.80 प्रतिशत अर्थात 1797 कंपनियों के शेयर नुकसान, 30.33 प्रतिशत अथवा 816 के फायदे तथा 77 के शेयरों में कोई घटबढ़ नहीं हुई। सेंसेक्स के तीस शेयरों में नौ लाभ तथा 21 में नुकसान रहा।
रियलटी वर्ग की अग्रणी डीएलएफ के शेयर में सबसे अधिक 7.73 प्रतिशत का नुकसान हुआ। कंपनी का शेयर 33 रुपए के नुकसान से 393.95 रुपए रह गया। जयप्रकाश एसोसिएट्स में 136.50 रुपए पर 6.09 प्रतिशत अर्थात 8.85 रुपए का घाटा रहा। बहुउपयोगी वाहन वर्ग की अग्रणी महिन्द्रा एंड महिन्द्रा के शेयर को 493.65 रुपए पर 5.42 प्रतिशत अर्थात 28.30 रुपए नुकसान में रहा।
एचडीएफसी, एसबीआई, टाटा स्टील, टीसीएस, एसीसी, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, विप्रो लिमिटेड, रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, सत्यम कंप्यूटर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, रिलायंस इन्फ्रा और मारुति सुजूकी के शेयर सेंसेक्स के नुकसान वाले पहले 20 शेयरों की सूची में थे।
अमेरिका में विवाद के चलते पिछले दो दिन से भारी बिकवाली के दबाव में रहे। रैनबैक्सी लैबोरेट्रीज के शेयर को आज राहत मिली। कंपनी की तरफ से जापानी कंपनी के साथ सौदे के बारे में अटकलों को खारिज किए जाने के बाद रैनबैक्सी का शेयर आज 15.02 प्रतिशत अर्थात 61.45 रुपए की छलाँग से 470.70 रुपए पर पहुँच गया। भारती एयरटेल में 709.95 रुपए पर 2.87 प्रतिशत अर्थात 20.40 रुपए का फायदा हुआ।
ओएनजीसी, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, अम्बुजा सीमेंट, आईटीसी लिमिटेड, भेल, सिप्ला लिमिटेड और इन्फोसिस टेक के शेयर फायदे वाले अन्य शेयर रहे।
|