शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद रिलायंस म्यूचुअल फंड को चालू वित्त वर्ष में अपने परिसंपत्ति आधार में 80 फीसदी बढ़ोतरी तथा निवेशकों के आकार में 100 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान है।
रिलायंस केपिटल परिसंपत्ति प्रबंधन लिमिटेड के उप मुख्य कार्याधिकारी संदीप सिक्का ने बताया हमारी पिछले दो वर्षों में चक्रवृद्धि वार्षिक विकास दर (सीएजीआर) लगभग 80 फीसदी रही है और चालू वित्त वर्ष में भी हम इसी विकास दर को बनाए रखना चाहते हैं।
अनिल धीरूभाई अंबानी समूह कंपनी का वित्त वर्ष 2006-07 में परिसंपत्ति अधीन प्रबंधन लगभग 26 हजार करोड़ रुपए था, जो वित्त वर्ष 2007-08 में बढ़कर 92 हजार करोड़ रुपए हो गया। इसी तरह 31 मई 2008 तक कंपनी का कुल परिसंपत्ति आधीन प्रबंधन बढ़कर 98 430 करोड़ रुपए हो गया।
सिक्का ने बताया खुदरा निवेशक अधिक परिपक्व हो गए हैं और यह लंबी अवधि के लिए निवेश कर रहे हैं।
कंपनी चालू वित्त वर्ष के दौरान अपने निवेशक आधार में व्यापक बढ़ोतरी करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया हमारा चालू वित्त वर्ष में निवेश आधार में 100 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान है।
कंपनी ने बताया वित्त वर्ष 2006-07 में निवेशक आधार 35 लाख था, जो वर्ष 2007-08 में बढ़कर 67 लाख हो गया। मौजूदा समय में कंपनी का ग्राहक आधार लगभग 70 लाख का है।
|