वैश्विक बाजारों और अमेरिकी फेड रिजर्व के ब्याज दरों में स्थिरता रखने के कारण बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का संवेदी सूचकांक सेंसेंक्स लगातार दूसरे दिन भी गुरुवार को 201.75 अंक बढ़ते हुए 14421.82 अंक पर पहुँच गया। राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 63.20 अंक अर्थात 1.49 प्रतिशत बढ़कर 4315.85 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में सुबह कारोबार ब्लू चिप कंपनियों के शेयरों में लिवाली जारी रहने के कारण 80.65 अंक की बढ़त के साथ 14300.72 अंक से शुरू हुआ। पिछले कारोबारी दिवस में बीएसई में कारोबार 14220.07 पर बंद हुआ था।
हालाँकि सुबह के कारोबार के दौरान एक बार सेंसेक्स बिकवाली के दबाव में आ गया और 14196.68 अंक तक गिर गया। हालाँकि बाद में सेंसेक्स सुधर कर बंद होने से पहले 229.74 अंक चढ़कर 14449.81 अंक तक पहुँच गया। बीएसई का कारोबार दिनभर उथल-पुथल से गुजरता रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर चार प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। तेल एवं गैस, आईटी और धातु के शेयर की भी माँग रही। हालाँकि रियलटी के शेयर बुरी तरह से गिरे।
बीएसई में कारोबार के दौरान 1468 शेयर बढ़त में रहे जबकि 1159 शेयर को घाटा हुआ। कुल 75 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। मिड कैप सूचकांक मामूली से गिरकर 5742.04 अंक पर बंद हुआ, जबकि स्माल कैप सूचकांक 1.01 प्रतिशत बढ़कर 7129.08 अंक हो गया।
बीएसई में कुल कारोबार 5185 करोड रुपए का हुआ, जबकि कल 5265.18 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ था। एनएसई में 79103.71 करोड़ रुपए का कारोबार किया गया और कल 81001.29 करोड़ रुपए का लेन देन हुआ था।
वर्गवार के सूचकांकों में मिश्रित रुख देखा गया। रियलिटी सूचकांक 2.02 प्रतिशत गिरा, जबकि तेल एवं गैस सूचकांक 2.82 प्रतिशत, धातु सूचकांक 1.15 प्रतिशत और आईटी सूचकांक 2.12 प्रतिशत चढ़ गए।
|